प्रयागराज : माफिया अतीक अहमद के परिवार पर एक बार फिर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. छोटे बेटे अबान की सड़क हादसे में मौत के बाद परिवार गहरे सदमे में है. झांसी जेल में बंद अतीक का बेटा अली भी भाई की मौत से बुरी तरह टूट गया. पैरोल पर बाहर आने के दौरान अबान के अंतिम संस्कार में शामिल हुए अली की आंखों से आंसू थम नहीं रहे थे. भाई के सुपुर्द-ए-खाक के दौरान अली, उमर और एहजम एक-दूसरे से गले लगकर फूट-फूटकर रोते नजर आए.
अबान की मौत सड़क हादसे में हुई थी. हादसे के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया तीन डॉक्टरों के पैनल से कराई गई थी और इसकी वीडियोग्राफी भी हुई थी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अबान के शरीर पर 23 गंभीर चोटों की बात सामने आई है. रिपोर्ट के मुताबिक, शरीर के अंदरूनी हिस्सों में गंभीर चोटों और इंटरनल ब्लीडिंग के चलते उसकी मौत हुई.
अबान की मौत ने परिवार के जख्मों को एक बार फिर कुरेद दिया है. पहले ही अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की हत्या, फिर परिवार से जुड़े कई विवादों और कानूनी मामलों के बीच अबान की मौत ने परिवार को झकझोर दिया है. अंतिम संस्कार के दौरान परिवार के सदस्यों की आंखों में दर्द साफ दिखाई दिया.
अली खुद गंभीर आपराधिक मामलों में जेल में बंद है. भाई की मौत की खबर के बाद उसे पैरोल मिली थी, जिसके चलते वह अंतिम संस्कार में शामिल हो सका. कुछ समय परिवार के साथ बिताने के बाद पैरोल की अवधि खत्म हो गई और अली को दोबारा झांसी जेल लौटना पड़ा.
अब जेल की चारदीवारी के भीतर अली के सामने भाई को खोने का गम है. परिवार से दूर रहकर उसे अबान की यादों के साथ आगे की कानूनी लड़ाई भी लड़नी होगी.