बुलंदशहर : उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में कांवड़ यात्रा के दौरान एक महिला की शिवभक्ति चर्चा का विषय बनी हुई है. नोएडा के रबूपुरा की रहने वाली उज़्मा खान काले बुर्के में कंधे पर कांवर लेकर भगवान शिव की भक्ति में लीन नजर आईं. उज़्मा खान ने छोटी काशी अनूपशहर से पवित्र गंगाजल उठाया और लगातार दूसरी बार कांवड़ यात्रा पर निकली हैं.
उज़्मा का कहना है कि वह सनातन धर्म को सबसे अच्छा धर्म मानती हैं और भविष्य में धर्म परिवर्तन करने की इच्छा रखती हैं. वह एक हिंदू युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहने की बात भी कहती हैं. उज़्मा ने अपने बयानों में कहा कि वह खुद को सनातनी मानती हैं और किसी मौलाना या फतवे से नहीं डरतीं.
उज़्मा खान ने कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर पूरा भरोसा है. उन्होंने यह भी कहा कि जो कोई उनकी आस्था का विरोध करेगा, उसका वह विरोध करेंगी. उन्होंने मुस्लिम समाज की उन महिलाओं को भी सनातन धर्म अपनाने के लिए आमंत्रित किया, जो अपनी जिंदगी में परेशान हैं.
कांवड़ यात्रा के दौरान मुस्लिम धर्मगुरु मौलाना रशीद की शिवभक्तों को लेकर की गई कथित टिप्पणी पर भी उज़्मा ने नाराजगी जताई. उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सनातन धर्म पर सवाल उठाने वालों को वह स्वीकार नहीं करेंगी. हालांकि, उनके इस बयान को उनके निजी विचार के तौर पर देखा जाना चाहिए.
उज़्मा खान का कहना है कि आस्था और भक्ति का अधिकार हर व्यक्ति को है. बुर्के में कांवर उठाकर शिवभक्ति करती उनकी तस्वीरें और बयान अब इलाके में चर्चा का विषय बने हुए हैं.