बेगूसराय: बिहार के बेगूसराय में चल रहे खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 के दूसरे दिन पुरुष वर्ग के ग्रुप ‘ए’ में दो रोमांचक फुटबॉल मुकाबले खेले गए. यह सातवां संस्करण 4 से 15 मई तक बिहार के पांच शहरों- पटना, राजगीर, गया, भागलपुर और बेगूसराय में आयोजित हो रहा है. बेगूसराय में फुटबॉल मैचों की मेजबानी रिफाइनरी स्टेडियम और यमुना भगत स्टेडियम, तेघड़ा में की जा रही है. दूसरे दिन के पहले मुकाबले में मेघालय ने चंडीगढ़ को रिफाइनरी स्टेडियम में एकतरफा अंदाज में 10-1 से हराया. वहीं, दूसरा मैच यमुना भगत स्टेडियम में ओडिशा और पश्चिम बंगाल के बीच हुआ, जिसमें ओडिशा ने 2-1 से रोमांचक जीत हासिल की.
मेघालय की शानदार जीत
रिफाइनरी स्टेडियम में मेघालय और चंडीगढ़ के बीच हुए मुकाबले में मेघालय ने शुरू से ही आक्रामक खेल दिखाया. मेघालय की टीम ने पहले हाफ में चार गोल दागे और दूसरे हाफ में छह और गोल जोड़कर कुल 10 गोल किए. चंडीगढ़ की टीम केवल एक गोल कर पाई, जिससे यह मुकाबला पूरी तरह एकतरफा रहा. मेघालय के खिलाड़ियों की तेजी और रणनीति ने दर्शकों का ध्यान खींचा.
ओडिशा ने पश्चिम बंगाल को हराया
यमुना भगत स्टेडियम, तेघड़ा में ओडिशा और पश्चिम बंगाल के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला. दोनों टीमें शुरू से ही आक्रामक थीं, लेकिन ओडिशा ने पहले हाफ में एक गोल करके बढ़त बनाई. दूसरे हाफ में पश्चिम बंगाल ने बराबरी की, लेकिन अंतिम मिनटों में ओडिशा ने शानदार गोल करके 2-1 से जीत हासिल की.
अधिकारियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला
मैच शुरू होने से पहले जिला खेल पदाधिकारी एश्वर्य कश्यप, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी कुमार रंजीत और ट्रेनी आईएएस आदिल स्टेडियम पहुंचे. उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर उनका स्वागत किया और उत्साहवर्धन किया. अधिकारियों ने खिलाड़ियों को मेहनत और खेल भावना के साथ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया. जिला प्रशासन ने खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के लिए बेगूसराय के सात बेहतरीन होटलों में ठहरने की व्यवस्था की है, जिसमें तथास्तु होटल और होटल देवी दरबार शामिल हैं.
दोनों स्टेडियमों में भारी संख्या में दर्शक पहुंचे, जिन्होंने तालियों और हौसले से खिलाड़ियों का समर्थन किया. यमुना भगत स्टेडियम में स्थानीय लोग और स्कूली बच्चे बड़ी संख्या में मौजूद थे, जिन्होंने ओडिशा की जीत पर खूब उत्साह दिखाया. रिफाइनरी स्टेडियम में मेघालय के गोलों पर दर्शकों की तालियां गूंजती रहीं. यह आयोजन न केवल युवा प्रतिभाओं को मंच दे रहा है, बल्कि स्थानीय समुदाय को खेल संस्कृति से जोड़ रहा है.