लखनऊ : बागपत के बड़ौत में आयोजित कवि सम्मेलन में मशहूर कवि कुमार विश्वास के बयान ने एक बार फिर सियासी गलियारों में चर्चा तेज कर दी है. खास बात यह है कि उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब उत्तर प्रदेश बीजेपी की राज्यसभा उम्मीदवारों की संभावित सूची में कुमार विश्वास का नाम भी शामिल होने की खबर सामने आई है. हालांकि, अभी उनके नाम पर अंतिम मुहर नहीं लगी है.
बड़ौत के 53वें अखिल भारतीय विराट कवि सम्मेलन में कुमार विश्वास ने मंच से कहा, मैं देश में दो व्यक्तियों का फैन हूं. एक बाबा रामदेव और दूसरे पीएम मोदी. इसके बाद उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर अपने पुराने भरोसे का भी जिक्र किया. कुमार विश्वास ने कहा कि वह 2002 से पीएम मोदी पर भरोसा करते हैं.
कुमार विश्वास ने अपने चिर-परिचित अंदाज में अमेरिका की टैरिफ नीति पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि ट्रंप का टैरिफ हमारा कुछ भी नहीं बिगाड़ पाया. इसी दौरान उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि जिसे रात में जो पीना था, वह पी रहा है. उनके इस अंदाज पर कवि सम्मेलन में मौजूद लोगों के बीच खूब ठहाके भी लगे.
कुमार विश्वास का बयान इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि 28 सितंबर को सामने आई रिपोर्टों के मुताबिक यूपी बीजेपी ने राज्यसभा की 8 सीटों के लिए तीन-तीन नामों का पैनल केंद्रीय नेतृत्व को भेजा है. इस संभावित पैनल में कुमार विश्वास का नाम भी शामिल बताया गया है. साथ ही स्मृति ईरानी समेत कई अन्य चर्चित नाम भी सूची में हैं. जानकारी के मुताबिक, अंतिम फैसला बीजेपी का केंद्रीय नेतृत्व करेगा.
यूपी की 10 राज्यसभा सीटों पर चुनाव प्रस्तावित है. चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक अधिसूचना 29 सितंबर को जारी होनी है और मतदान 16 अक्टूबर को होना है. ऐसे में कुमार विश्वास का बड़ौत में पीएम मोदी की खुलकर तारीफ करना राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है.