कोच्चि: प्रयागराज महाकुंभ के दौरान नीली आंखों और आकर्षक हाव-भाव से वायरल हुई मोनालिसा भोसले ने फिर सुर्खियां बटोरी हैं. रविवार को वह अपने वकील के साथ एर्नाकुलम सेंट्रल पुलिस स्टेशन पहुंची और पिता के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई.
मोनालिसा ने आरोप लगाया कि उनके पिता ने उनका पासपोर्ट छीन लिया है, अकाउंट से 10 लाख रुपए निकाल लिए हैं और उनकी जान को खतरा है. उन्होंने पुलिस से सुरक्षा की मांग की है. मोनालिसा ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, “मेरी जान को खतरा है.” मोनालिसा कुंभ मेला में रुद्राक्ष की मालाएं बेचते हुए वायरल हुई थीं.
इसके बाद उन्होंने फरमान खान से शादी की, जिसके बाद पिता और बेटी के बीच विवाद शुरू हो गया. पिता का आरोप है कि मोनालिसा नाबालिग है, जबकि मोनालिसा और केरल हाईकोर्ट दोनों ही उसे बालिग मानते हैं.
मोनालिसा ने पहले भी केरल हाईकोर्ट में सुरक्षा की याचिका दायर की थी. कोर्ट ने सुरक्षा देने का निर्देश दिया था, लेकिन बाद में उसे हटा लिया गया क्योंकि पुलिस को उनका पता नहीं चल रहा था. कोर्ट ने हालांकि यह स्पष्ट कर दिया था कि अगर जरूरत पड़ी तो वह दोबारा पुलिस से संपर्क कर सकती है. रविवार को मोनालिसा ने उसी विकल्प का इस्तेमाल करते हुए कोच्चि पुलिस से मदद मांगी. पुलिस अब मामले की जांच कर रही है और कमिश्नर स्तर पर चर्चा के बाद आगे का फैसला लिया जाएगा.
मोनालिसा के पिता ने मध्य प्रदेश में फरमान खान के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कराया है. केरल हाईकोर्ट ने मोनालिसा को बालिग माना है. मोनालिसा फिलहाल कोच्चि में रह रही हैं और अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं. पुलिस इस नई शिकायत पर कार्रवाई शुरू कर दी है. पूरा मामला दो राज्यों (केरल और मध्य प्रदेश) की पुलिस और अदालतों में लटका हुआ है.