नई दिल्ली: संसद की ओर मार्च निकाल रहे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शनकारियों और दिल्ली पुलिस के बीच सोमवार को जंतर मंतर पर जोरदार हिंसक झड़प हुई. इस घटना में 118 से अधिक पुलिसकर्मी और करीब 60 प्रदर्शनकारी घायल हो गए. दिल्ली पुलिस ने इस मामले में चार FIR दर्ज की हैं. इनमें दंगा, सरकारी कर्मचारियों पर हमला, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं.
पुलिस सीसीटीवी फुटेज और वीडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है. जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. पुलिस के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने बार-बार चेतावनी के बावजूद प्रतिबंधात्मक आदेशों का उल्लंघन किया, पथराव किया, बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश की और पुलिस व सरकारी वाहनों को तोड़ा.
कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी समेत महिला पुलिसकर्मी भी घायल हुई हैं. सभी घायलों का इलाज चल रहा है. CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके ने प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई की निंदा की है और मंगलवार को मार्च जारी रखने की घोषणा की है.
दिल्ली पुलिस ने राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी है. जंतर मंतर समेत संवेदनशील इलाकों में बहुस्तरीय बैरिकेडिंग लगाई गई है, गाड़ियों की चेकिंग बढ़ा दी गई है और अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं. पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है. यह घटना संसद के मानसून सत्र के दौरान हुई है, जिससे सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं.