मौसम विभाग का ताजा अलर्ट: 25 से 30 नवंबर तक इन राज्या में होगी भारी से अति भारी बारिश

Amanat Ansari 24 Nov 2025 08:31: PM 1 Mins
मौसम विभाग का ताजा अलर्ट: 25 से 30 नवंबर तक इन राज्या में होगी भारी से अति भारी बारिश

नई दिल्ली: भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दक्षिण भारत के कई राज्यों के लिए अगले छह दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश का रेड-ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. दूसरी तरफ उत्तर और मध्य भारत में बारिश की कोई संभावना नहीं है, लेकिन कड़ाके की ठंड और खतरनाक स्तर का प्रदूषण लोगों की मुसीबत बढ़ाने वाला है. अंडमान-निकोबार में 25 से 29 नवंबर तक भारी से अति भारी बारिश होगी. इस वजह से कई जगहों पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है. तमिलनाडु में 25-27 नवंबर भारी और 28-30 नवंबर तक बहुत भारी बारिश का अनुमान है.

केरल और माहे में 24-26 नवंबर तक भारी वर्षा की बात कही गई है. लक्षद्वीप में 24 नवंबर को भारी बारिश का अनुमान है. तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 29 नवंबर को भारी और 30 नवंबर को बहुत भारी बारिश की आशंका जताई गई है.

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बन रहे निम्न दबाव का क्षेत्र जल्द ही डिप्रेशन में बदल सकता है, जिससे तमिलनाडु, केरल और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश होगी. मछुआरों को 30 नवंबर तक समुद्र में न जाने की चेतावनी जारी की गई है.

उत्तर भारत में ठंड और जहरीली हवा का प्रकोप

  • दिल्ली-एनसीआर: 25-30 नवंबर तक बारिश जीरो, लेकिन AQI ‘गंभीर’ स्तर तक पहुंचने की आशंका. दिन का तापमान 22-25°C, रात का 11-12°C. सुबह-शाम घनी धुंध.
  • हरियाणा-पंजाब: हल्की धुंध, कड़ाके की ठंड. AQI ‘बहुत खराब’ श्रेणी में. पंजाब में रात का पारा 6-10°C तक गिरेगा.
  • राजस्थान: पूरे सप्ताह शुष्क मौसम, धूप खिली रहेगी. अधिकतम 27-29°C, न्यूनतम 12-14°C.
  • मध्य प्रदेश: हल्की धुंध के साथ ठंड बढ़ेगी. अधिकतम 26-27°C, न्यूनतम 11-15°C.

मौसम विभाग ने कहा है कि उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ के पूरी तरह निष्क्रिय होने से बारिश की कोई संभावना नहीं है. इसके बजाय प्रदूषण और कोहरे का स्तर तेजी से बढ़ेगा, जिससे सांस के मरीजों और बच्चों-बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है. आने वाले 6 दिन मौसम का मिजाज दो हिस्सों में बंटा नजर आएगा. दक्षिण में बादल फटेंगे, उत्तर में ठंड और जहरीली हवा परेशान करेगी. स्थानीय प्रशासन को दक्षिणी राज्यों में राहत शिविर और जल-जमाव से निपटने की तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं. मौसम की हर अपडेट के लिए IMD की वेबसाइट और ऐप पर नजर बनाए रखें.

Bay of Bengal climate change climate change rain Cloudburst

Recent News