Lenskart Controversy: देश की आईवियर कंपनी Lenskart को धार्मिक प्रतीकों से जुड़े एक पुराने विवाद की वजह से बड़ा नुकसान उठाना पड़ा. सोमवार को कंपनी के शेयरों में तेज गिरावट दर्ज की गई, जिसके चलते उसकी मार्केट वैल्यूएशन में लगभग 4,500 करोड़ रुपए की भारी कमी आ गई.
विवाद की जड़ एक पुरानी आंतरिक ड्रेस कोड पॉलिसी बनी, जो हाल में सोशल मीडिया पर वायरल हो गई. इस पॉलिसी में कथित रूप से कर्मचारियों को बिंदी और तिलक जैसे धार्मिक चिह्नों को लगाने से मना किया गया था.
इस दस्तावेज के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कंपनी के खिलाफ भारी आलोचना शुरू हो गई और कई लोगों ने Lenskart के बहिष्कार की अपील भी की. सोमवार को BSE पर Lenskart का शेयर कारोबार के दौरान 5 प्रतिशत तक टूटकर 508.70 रुपए के स्तर तक पहुंच गया. हालांकि बाद में इसमें कुछ सुधार हुआ और शेयर 533.70 रुपए के आसपास बंद हुआ.
इस गिरावट के कारण कंपनी की कुल वैल्यूएशन पहले के 92,872 करोड़ रुपए से घटकर करीब 88,331 करोड़ रुपए रह गई. यानी एक ही दिन में लगभग 4,540 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ. Lenskart के फाउंडर Peyush Bansal ने इस मामले पर सफाई देते हुए कहा कि वायरल हुआ दस्तावेज काफी पुराना है और कंपनी की वर्तमान नीति को नहीं दिखाता.
उन्होंने साफ किया कि कंपनी में किसी भी प्रकार के धार्मिक प्रतीक या पहनावे पर कोई पाबंदी नहीं है. साथ ही इस गलतफहमी के लिए उन्होंने माफी भी मांग ली.