ठाणे में प्रेमी की क्रूर हत्या, हरे ड्रम में भरकर नाले में फेंका शव

Amanat Ansari 15 May 2026 08:12: PM 1 Mins
ठाणे में प्रेमी की क्रूर हत्या, हरे ड्रम में भरकर नाले में फेंका शव

Thane Murder: मेरठ के ब्लू ड्रम कांड की घटना अभी लोगों के जहन से दूर नहीं हुई थी कि ठाणे में एक और इसी तरह की दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. मुंब्रा इलाके में एक महिला ने अपने प्रेमी को मारने के लिए पति, भाई और एक साथी के साथ मिलकर साजिश रची.

पीड़ित अरबाज मकसूद अली खान 3 अप्रैल को घर से दादर काम के लिए जाने की बात कहकर निकले थे. इसके बाद उनका कोई अता-पता नहीं चला. परिवार ने काफी खोजबीन के बाद मुंब्रा पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखाई.

पुलिस ने जांच के दौरान मोबाइल कॉल डिटेल्स और लोकेशन ट्रैकिंग की. अरबाज की आखिरी लोकेशन वसई क्षेत्र में मिली. उसी इलाके में उनकी प्रेमिका मेहजबीन शेख का फोन भी सक्रिय पाया गया, जिसके आधार पर पुलिस ने उसे हिरासत में लिया.

पूछताछ में मेहजबीन ने कबूल किया कि उसने अपने पति हसन, भाई तारिक शेख और एक अन्य साथी के साथ मिलकर अरबाज की हत्या की. आरोपियों ने अरबाज के हाथ बांधे, प्लास्टिक पाइप से बुरी तरह पीटा और फिर उसकी हत्या कर दी. सबूत छिपाने के लिए शव को हरे रंग के ड्रम में डालकर मुंब्रा के एक नाले में फेंक दिया.

पुलिस ने मेहजबीन शेख और उसके भाई तारिक को गिरफ्तार कर लिया है. जबकि पति हसन और एक अन्य आरोपी अभी फरार हैं. मामले में हत्या और आपराधिक षड्यंत्र की धाराओं में FIR दर्ज कर पुलिस आगे की जांच कर रही है. यह घटना मेरठ कांड की याद दिलाती है, जहां एक महिला ने अपने पति की हत्या कर शव के टुकड़े करके ड्रम में छिपाया था.

Thane Crime Green Drum Case Meerut Murder Style Lover Murder Thane

Recent News