लखनऊ के 5-स्टार होटल में युवा वैज्ञानिक का शव मिलने से सनसनी, बेड के पास मिले उल्टी के निशान

Global Bharat 15 Jul 2026 11:38: AM 1 Mins
लखनऊ के 5-स्टार होटल में युवा वैज्ञानिक का शव मिलने से सनसनी, बेड के पास मिले उल्टी के निशान

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के लखनऊ में एक प्रतिष्ठित 5-स्टार होटल में उत्तर प्रदेश के महराजगंज निवासी 22 वर्षीय युवा वैज्ञानिक और इनोवेटर राहुल सिंह का शव मिलने से हड़कंप मच गया. राहुल का शव होटल के कमरे में बेड पर पड़ा मिला, जबकि कमरे में बेड के पास उल्टी के निशान भी पाए गए. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे को सील कर जांच शुरू कर दी.

प्रारंभिक जांच में पुलिस हार्ट अटैक की आशंका जता रही है, हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और होटल के सीसीटीवी फुटेज, स्टाफ से पूछताछ तथा राहुल के मोबाइल व अन्य सामान की जांच की जा रही है. उनके परिजनों को भी सूचना दे दी गई है. 

राहुल सिंह अपनी कम उम्र में कई नवाचारों के कारण देशभर में पहचान बना चुके थे. उन्होंने किसानों की सुविधा के लिए ऑटोमैटिक रोटी मेकर और बिना चार्जिंग चलने वाला ई-ट्रैक्टर विकसित कर काफी सुर्खियां बटोरी थीं. उनके इन आविष्कारों की वैज्ञानिक और कृषि क्षेत्र में व्यापक चर्चा हुई थी. उन्हें कई मंचों पर सम्मान भी मिल चुका था और भविष्य के प्रतिभाशाली वैज्ञानिक के रूप में देखा जाता था.

राहुल की अचानक हुई मौत से परिवार, मित्रों और उन्हें जानने वाले लोग सदमे में हैं. सोशल मीडिया पर भी लोग उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच जारी है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके.

Rahul Singh Scientist Lucknow 5 Star Hotel Young Scientist Death Maharajganj Rahul Singh Lucknow Hotel Death Case

Description of the author

Recent News