नई दिल्ली: लखनऊ में 26 साल की एक ब्यूटीशियन की चलती कार में बलात्कार का विरोध करने पर चाकू मारकर हत्या कर दी गई. घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक अभी भी फरार है. मृतका को एक शादी में मेहंदी लगाने के लिए सुधांशु नाम के व्यक्ति ने बुलाया था. सुधांशु ने अपने तीन दोस्तों- अजय, विकास और आदर्श को लाल रंग की कार में मृतका और उसकी बहन को लेने भेजा था.
मृतका की बहन के साथ भी दुष्कर्म की कोशिस
काम खत्म करने के बाद देर रात मृतका और उसकी बहन उसी कार से घर लौट रही थीं. रास्ते में तीनों आरोपियों ने दोनों बहनों के साथ यौन उत्पीड़न की कोशिश की. मृतका की बहन ने बताया, "उन्होंने चलती कार में मेरे और मेरी बहन के साथ छेड़छाड़ की. जब मेरी बहन ने विरोध किया, तो अजय ने उसकी गर्दन में चाकू मार दिया." विरोध के दौरान कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई, और दोनों बहनें कार के नीचे फंस गईं.
गांव वालों ने सुनी चीखें, सभी आरोपी फरार
हादसे के बाद गांव वालों ने चीखें सुनकर मौके पर पहुंचकर दोनों बहनों को बचाया, लेकिन तब तक तीनों आरोपी भाग चुके थे. फरार होने से पहले आरोपियों ने मृतका की बहन को धमकी दी कि अगर उसने घटना की शिकायत की, तो उसे और उसके पूरे परिवार को मार देंगे. लखनऊ पुलिस ने आश्वासन दिया है कि फरार आरोपी को जल्द पकड़ लिया जाएगा और पीड़ित परिवार को न्याय मिलेगा.
पुलिस ने शुरू की जांच, दो आरोपी गिरफ्तार
मृतका के पति ने बंथरा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज की. पुलिस ने मामला दर्ज कर मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. एसीपी विकास पांडे ने बताया कि दो आरोपी, विकास और आदर्श, को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि अजय अभी फरार है. पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है. मृतका अपने पति और तीन साल के बेटे को पीछे छोड़ गई है. इस घटना ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया है.