लखीमपुर खीरी: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में NEET परीक्षा रद्द होने के बाद एक छात्र की आत्महत्या का दुखद मामला सामने आया है. मृतक की पहचान ऋतिक मिश्रा के रूप में हुई है, जो सदर कोतवाली क्षेत्र के गंगोत्री नगर मोहल्ले का निवासी था.
परिवार के सदस्यों ने बताया कि ऋतिक लंबे समय से NEET की तैयारी कर रहा था. परीक्षा देने के बाद जब पेपर लीक की वजह से पूरी परीक्षा रद्द कर दी गई, तो वह मानसिक रूप से बहुत परेशान हो गया. गुरुवार को उसने अपने कमरे में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली.
इस घटना से पूरे परिवार में शोक का माहौल छा गया है. छात्र के चाचा ने बताया कि ऋतिक ने मेहनत से तैयारी की थी, लेकिन परीक्षा रद्द होने की खबर ने उसे बुरी तरह तोड़ दिया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
NEET परीक्षा रद्द होने का विवाद
गौरतलब है कि 3 मई को आयोजित NEET UG परीक्षा पेपर लीक के आरोपों के बाद रद्द कर दी गई थी. इस फैसले से देशभर के लाखों छात्रों और उनके अभिभावकों में गहरी निराशा और आक्रोश फैला हुआ है. छात्रों का कहना है कि पूरे साल की मेहनत, समय और संसाधनों के बाद परीक्षा रद्द होना उनके भविष्य पर बड़ा संकट बन गया है. यह घटना NEET परीक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को और मजबूत करती नजर आ रही है.