हेलमेट चालान पड़ा भारी! लाइनमैन ने थाने की बिजली काट दी, मच गया हड़कंप

Global Bharat 28 Jul 2026 11:29: PM 1 Mins
हेलमेट चालान पड़ा भारी! लाइनमैन ने थाने की बिजली काट दी, मच गया हड़कंप

लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पुलिस और बिजली विभाग के बीच एक अनोखा मामला सामने आया है. हेलमेट न पहनने पर बिजली विभाग के एक संविदाकर्मी का चालान काटे जाने के बाद मामला इतना बढ़ गया कि बिजली विभाग ने संबंधित थाना और पुलिस चौकियों की बिजली आपूर्ति ही काट दी. यह घटना अब पूरे शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है.

जानकारी के अनुसार, नगराम थाने में तैनात एसआई अनुज भाटी ने बिजली विभाग के संविदाकर्मी अमरेंद्र का हेलमेट नहीं पहनने के आरोप में करीब 6 हजार का चालान कर दिया. चालान की जानकारी मिलने के बाद बिजली विभाग के कर्मचारियों ने संबंधित पुलिस प्रतिष्ठानों के बिजली बिल की स्थिति की जांच कराई.

जांच में सामने आया कि नगराम थाना, हरदोइया पुलिस चौकी और देवीखेड़ा पुलिस बूथ पर बिजली विभाग का कुल 6.50 लाख रुपये का बिजली बिल बकाया है, इसके बाद बिजली विभाग की टीम ने बकाया भुगतान न होने का हवाला देते हुए इन स्थानों की बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से काट दी. इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई.

मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचने पर दोनों विभागों के अफसर सक्रिय हुए. सूत्रों के अनुसार, पुलिस अधिकारियों ने एसआई अनुज भाटी को फटकार लगाई है. साथ ही, हेलमेट चालान वापस लेने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है. दूसरी ओर, बिजली विभाग ने बकाया बिल के भुगतान के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है.

हालांकि, इस पूरे मामले में अभी तक किसी भी विभाग की ओर से विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. दोनों विभागों के बीच समन्वय बनाकर विवाद को सुलझाने के प्रयास किए जा रहे हैं. घटना सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बनी हुई है.

Lucknow Power Cut Lineman Challan Case Police Electricity Row 6.50 Lakh Bill Lucknow News

Description of the author

Recent News