मुंबई: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने NEET पेपर लीक और CJP आंदोलन के दौरान छात्रों के खिलाफ दर्ज सभी FIRs वापस लेने के निर्देश गृह विभाग को दे दिए हैं. सीएम फडणवीस के इस फैसले से हजारों छात्रों को राहत मिलने की उम्मीद है, जिनके खिलाफ प्रदर्शन के दौरान मुकदमे दर्ज किए गए थे.
कई छात्रों को पुलिस नोटिस भी जारी किए गए थे, जिससे उनका भविष्य प्रभावित हो रहा था. विपक्षी दलों और वकीलों ने लंबे समय से सरकार से FIRs वापस लेने की मांग की थी. कांग्रेस सांसद वर्षा गायकवाड़ ने कहा कि केंद्र को भी देशभर में छात्रों के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लेने का निर्देश देना चाहिए.
महाराष्ट्र में CJP आंदोलन के दौरान मुंबई समेत कई जगहों पर बड़े स्तर पर प्रदर्शन हुए थे. अब गृह विभाग जल्द ही आधिकारिक आदेश जारी करेगा. यह फैसला बिहार और असम जैसे राज्यों के बाद महाराष्ट्र में भी छात्रों के प्रति सरकार की सकारात्मक सोच को दर्शाता है. इससे पहले सीजेपी मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने चेतावनी दी थी कि अगर सरकार अपने वादे पर कायम नहीं रही तो CJP पूरे देश में फिर से आंदोलन शुरू करने को मजबूर होगा.