मेरठ : उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक LLB की छात्रा ने युवक पर प्रेम संबंध के नाम पर धोखा देने, आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने के गंभीर आरोप लगाए हैं. पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी कैफ उर्फ दीपक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
छात्रा का आरोप है कि आरोपी ने अपनी पहचान छिपाकर उससे दोस्ती की और बाद में उसे भावनात्मक रूप से अपने जाल में फंसाया. पीड़िता के मुताबिक, संबंधों के दौरान आरोपी ने उसकी आपत्तिजनक वीडियो और तस्वीरें बना लीं, इसके बाद इन्हीं वीडियो को लेकर उसे ब्लैकमेल किया गया और मानसिक दबाव बनाया गया.
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि आरोपी ने उस पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया. उसने दावा किया कि उसे एक मौलाना के पास ले जाने और धर्म बदलने के लिए मजबूर करने की कोशिश की गई. छात्रा का यह भी आरोप है कि आरोपी ने फोन पर किसी अन्य व्यक्ति से उसकी बातचीत कराई, जिसके बाद उस पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बढ़ाया गया.
मामला सामने आने के बाद पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है. पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपों की सत्यता, आरोपी की भूमिका और अन्य जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है.
पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और सख्त सजा की मांग की है. वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.