नई दिल्ली: मानसून अब पूरे जोरों पर है और कल यानी 29 जुलाई को देश के बड़े हिस्से में भारी से अत्यंत भारी बारिश का कहर देखने को मिल सकता है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 22 से ज्यादा राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए भारी बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है. IMD ने छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश और विदर्भ (महाराष्ट्र) के लिए रेड कलर वॉर्निंग जारी की है.
इन इलाकों में अत्यंत भारी बारिश होने की आशंका है, जिससे निचले इलाकों में जलभराव, नदियों में बाढ़ और यातायात प्रभावित होने की संभावना है. दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम मध्य प्रदेश और ओडिशा समेत पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भी बहुत भारी बारिश का अलर्ट है.
उत्तर प्रदेश, राजस्थान, झारखंड, असम, मेघालय, कोंकण-गोवा, महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों, तेलंगाना, कर्नाटक और केरल में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी ओडिशा और गांगेय पश्चिम बंगाल के ऊपर बने डीप डिप्रेशन के कारण यह सिस्टम आगे बढ़ रहा है.
कई जगहों पर 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने का खतरा है. अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में ऊंची लहरें उठने की आशंका है, इसलिए मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है. लोगों को सलाह दी जाती है कि भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, निचले इलाकों और नदी किनारे सतर्क रहें. मौसम विभाग की अपडेट पर लगातार नजर बनाए रखें और सुरक्षित रहें.