पटना: देशभर में NEET पेपर लीक को लेकर छात्र आंदोलन चल रहा है और कई जगहों पर पुलिस-छात्रों के बीच तनाव की खबरें आ रही हैं. ठीक इसी समय बिहार की एक महिला IPS अधिकारी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसकी हर तरफ तारीफ हो रही है. पटना पूर्वी की सिटी एसपी IPS शैलजा दास ने NEET विरोध प्रदर्शन के दौरान छात्रों से कहा, ''नागरिकों को अपनी बात रखने और अपनी राय व्यक्त करने का पूरा अधिकार है.
वे जो कहना चाहते हैं, कह सकते हैं. जब तक वह हम पर बल प्रयोग नहीं करेंगे, तब तक हम भी उनके खिलाफ बल प्रयोग नहीं करेंगे.'' यह बयान वायरल होते ही लोगों ने शैलजा दास की जमकर सराहना शुरू कर दी. जब देश में छात्रों पर लाठीचार्ज की चर्चा गर्म है, तब उनकी इस संवेदनशील और संतुलित अप्रोच ने सबका ध्यान खींचा है.
कौन हैं शैलजा दास?
शैलजा दास बिहार कैडर की 2022 बैच की IPS अधिकारी हैं. सिविल सेवा परीक्षा 2021 में उन्होंने 83वीं रैंक हासिल की थी. दिल्ली के सेंट स्टीफंस कॉलेज से स्नातक करने वाली शैलजा पहले नालंदा जिले के हिलसा में SDPO के रूप में भी काम कर चुकी हैं. उन्हें एक संवेदनशील और जिम्मेदार अधिकारी के रूप में जाना जाता है.
पटना में छात्र प्रदर्शन के दौरान उन्होंने धैर्य बनाए रखते हुए स्थिति को संभाला और प्रदर्शनकारियों से बातचीत का रास्ता अपनाया. उनका यह रवैया इस समय सोशल मीडिया पर सकारात्मक चर्चा का विषय बना हुआ है. जब छात्रों की नाराजगी चरम पर है, तब IPS शैलजा दास जैसे अधिकारियों का संतुलित तरीका निश्चित रूप से उम्मीद जगाता है.