'साहब, मेरी पैंट चोरी हो गई...' लुंगी पहनकर थाने पहुंचा ट्रक ड्राइवर, थानेदार ने दी 400 रुपए की मदद

Amanat Ansari 28 Jul 2026 04:45: PM 1 Mins
'साहब, मेरी पैंट चोरी हो गई...' लुंगी पहनकर थाने पहुंचा ट्रक ड्राइवर, थानेदार ने दी 400 रुपए की मदद

भिंड: नशे में सोए ट्रक ड्राइवर की पैंट चोरी हो गई, तो वह लुंगी पहनकर सीधे पुलिस थाने पहुंच गया. उसकी अनोखी शिकायत सुनकर सब हैरान रह गए, लेकिन थानेदार ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तुरंत मदद कर दी. मामला भिंड जिले के देहात थाना क्षेत्र का है. उत्तर प्रदेश के ओरैया जिले के छल्ला गांव निवासी विपिन कुमार ट्रक ड्राइवर हैं.

अटेर में मालिक को ट्रक सौंपने के बाद वह नशे की हालत में कहीं सो गए. नींद में ही किसी ने उनकी पैंट चुरा ली, जिसमें 1500 रुपए, ड्राइविंग लाइसेंस और आधार कार्ड रखे थे. जागने के बाद विपिन लुंगी में ही देहात थाने पहुंचे और बोले, "साहब, मेरी पैंट चोरी हो गई, मदद करो." थाने में मौजूद पुलिसकर्मी उनकी बात सुनकर दंग रह गए. इसी बीच थाना प्रभारी शिवप्रताप सिंह राजावत मौके पर पहुंचे.

ड्राइवर की हालत देखकर उन्होंने तुरंत 400 रुपए कैश मदद दी और समझाइश देते हुए कहा, "दोबारा शराब मत पीना." विपिन ने भी थानेदार के सामने कसम खाई कि अब कभी दारू नहीं पीऊंगा. यह घटना अब पूरे जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है, जहां एक तरफ चोरी की घटना है तो दूसरी तरफ थानेदार की संवेदनशीलता की सराहना हो रही है.

Truck Driver Lungi Dehat Thana Bhind Police Shivpratap Singh Rajawat

Recent News