लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में खाकी और सरकारी विभाग के कर्मचारियों की मिलीभगत से सोना लूटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि उत्तर प्रदेश पुलिस के सिपाही और डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) के कर्मचारी ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक ज्वेलर से करीब एक किलो सोना लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपियों ने चेकिंग का बहाना बनाया और कारोबारी को बस से नीचे उतार लिया। इसके बाद उसके पास मौजूद सोना लूट लिया।
जानकारी के मुताबिक, ज्वेलर उत्तर प्रदेश के जौनपुर से दिल्ली लौट रहा था। वह बस में सफर कर रहा था। इसी दौरान आरोपियों ने खुद को जांच से जुड़ा अधिकारी बताकर चेकिंग के नाम पर उसे बस से नीचे उतार लिया। इसके बाद उसके पास मौजूद करीब एक किलो सोना अपने कब्जे में ले लिया। घटना के बाद पीड़ित को ठगी और लूट का एहसास हुआ तो मामले की शिकायत की गई। जांच में पुलिस और डीआरआई से जुड़े कर्मचारियों की भूमिका सामने आने से हड़कंप मच गया।
मामले में लखनऊ पुलिस के सिपाही दुर्गेश कुशवाहा और डीआरआई कर्मचारी अविनाश शाही समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों में तिलक माझी, प्रीतम सोनी और राहुल चौहान शामिल हैं। सरकारी विभाग से जुड़े कर्मचारियों के इस कथित गिरोह में शामिल होने से सुरक्षा व्यवस्था और विभागीय निगरानी पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
इस मामले में जौनपुर पुलिस का सिपाही विनय शंकर समेत चार अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर वारदात में शामिल अन्य लोगों, लूटे गए सोने और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर पुलिस और जांच एजेंसियों से जुड़े कर्मचारियों की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।