नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के भदोही जिले से महिला सम्मान को ठेस पहुंचाने वाला मामला सामने आया है. जहां एक महिला की इज्जत को तार-तार किया गया. आरोप है कि सूरज कुमार गौतम ने ब्लैकमेल कर एक नर्स के साथ यौन संबंध बनाया और वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया. आरोपी महिला का ही पूर्व सहपाठी बताया जा रहा है. इसमें आरोपी का उसके दो दोस्तों ने भी साथ दिया.
पीड़िता के पिता की शिकायत पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी सूरज कुमार, जो पीड़िता का पूर्व में सहपाठी रह चुका है, ने पहले उसके साथ दोस्ती की फिर उसे अपने जाल में फांस लिया. आरोप है कि उसने ब्लैकमेल कर पीड़िता के साथ संबंध बनाया और वीडियो फोटो बनाकर रखा लिया.
पीड़िता की ओर से आरोप लगाया गया है कि वीडियो-फोटो के आधार पर आरोपी ने उससे से पैसों की डिमांड की. जब उसने पैसे देने से मना कर दिया तो आरोपी ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर वीडियो फोटो को टेलीग्राम ऐप पर डाल दिया. सूरज कुमार के अलावा अन्य आरोपियों की पहचान धीरज मौर्या और विनोद मौर्या के रूप में की गई है. वीडियो फोटो वायरल करने की वारदात 19 मार्च की बताई जा रही है. घटना की जानकारी मिलते ही पीड़िता के पिता ने पुलिस से शिकायत की और रिपोर्ट दर्ज करवाई.
जौनपुर जिले की कोतवाली में की गई शिकायत के आधार पर भदोही जिले के सुरयावा थाने में तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई. थाने के निरीक्षक अजित कुमार श्रीवास्तव ने जानकारी दी है कि तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहित (BNS) की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. जल्द सभी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा.