अंकिता भंडारी हत्याकांड में सीबीआई का बड़ा एक्शन, पूर्व विधायक सुरेश राठौर से पूछताछ

Amanat Ansari 17 Oct 2026 06:45 PM 1 Mins
अंकिता भंडारी हत्याकांड में सीबीआई का बड़ा एक्शन, पूर्व विधायक सुरेश राठौर से पूछताछ

देहरादून: उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में सीबीआई ने कार्रवाई तेज कर दी है. शनिवार को सीबीआई की टीम हरिद्वार के बीएचईएल गेस्ट हाउस पहुंची और पूर्व विधायक सुरेश राठौर से गहन पूछताछ शुरू की.

खबर लिखे जाने तक पूछताछ जारी थी. एक दिन पहले शुक्रवार को अंकिता के माता-पिता वीरेन्द्र सिंह भंडारी और सोनी देवी दिल्ली स्थित सीबीआई मुख्यालय पहुंचे थे. उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाई. सीबीआई अधिकारियों ने उन्हें भरोसा दिलाया कि मामले के हर पहलू की निष्पक्ष और गहन जांच की जाएगी.

अंकिता के माता-पिता 14 अक्टूबर को इंडिया गेट पर धरना प्रदर्शन भी कर चुके हैं. उस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा भी उनके पास पहुंचे और समर्थन जताया. प्रदर्शन के बाद दिल्ली पुलिस ने अंकिता के माता-पिता को कुछ देर हिरासत में लिया था और फिर छोड़ दिया था. कांग्रेस ने इस मामले में कथित वीआईपी की भूमिका के आरोपों को लेकर मोर्चा खोल रखा है.

पार्टी भाजपा नेता दुष्यंत गौतम की सिक्किम के राज्यपाल पद पर नियुक्ति का विरोध कर रही है और आरोप लगा रही है कि उन्हें कानून से बचने का रास्ता मुहैया कराया गया है. कांग्रेस महासचिव कुमारी सैलजा ने 27 अक्टूबर को गैरसैंण में विधानसभा घेराव करने का ऐलान किया है. इससे पहले 22 से 25 अक्टूबर तक राज्य में न्याय यात्रा निकाली जाएगी.

Recent News