433 गिरफ्तारी, 1100 हिरासत… बंगाल हिंसा पर पुलिस का बड़ा एक्शन

Amanat Ansari 06 May 2026 07:22: PM 1 Mins
433 गिरफ्तारी, 1100 हिरासत… बंगाल हिंसा पर पुलिस का बड़ा एक्शन

Violence erupts in West Bengal after election results: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव परिणाम आने के बाद राज्य में हिंसा की घटनाएं सामने आईं. भाजपा की बड़ी जीत और तृणमूल कांग्रेस के 15 साल बाद सत्ता से बाहर होने के बाद कई इलाकों में झड़पें, तोड़फोड़ और आगजनी की खबरें आईं. राज्य पुलिस ने इन घटनाओं पर सख्त एक्शन लिया है.

1100 से अधिक लोग हिरासत में

पुलिस महानिदेशक सिद्ध नाथ गुप्ता ने बताया कि अब तक 200 से ज्यादा FIR दर्ज की जा चुकी हैं और 433 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. इसके अलावा 1100 से अधिक लोगों को विभिन्न धाराओं के तहत हिरासत में लिया गया है. डीजीपी के अनुसार, इन कार्रवाइयों के बाद स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है. आज सुबह से किसी भी नए अप्रिय घटना की सूचना नहीं आई है.

निर्वाचन आयोग का सख्त रुख

चुनाव के बाद हुई हिंसा में दो लोगों की मौत हो गई थी, जिसके बाद मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने राज्य अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए थे. उन्होंने कहा था कि हिंसा और तोड़फोड़ में शामिल लोगों को बिना देरी के गिरफ्तार किया जाए.

कहां-कहां हुई हिंसा?  

  • न्यू टाउन में विजय जुलूस के दौरान भाजपा कार्यकर्ता मधु मंडल की कथित तौर पर टीएमसी कार्यकर्ताओं द्वारा पिटाई के बाद मौत हो गई.  
  • बीरभूम के नानूर में टीएमसी कार्यकर्ता अबीर शेख की भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा कथित हमले में हत्या कर दी गई.
  • कोलकाता के टॉलीगंज, कस्बा, बारुईपुर, कमरहटी, बारानगर समेत हावड़ा और बहरामपुर में टीएमसी के कई कार्यालयों में तोड़फोड़ और आगजनी हुई.
  • संदेशखाली में परिणाम आने के बाद ग्रामीणों को धमकाने की शिकायत पर पहुंची पुलिस और केंद्रीय बल की टीम पर हमला हुआ, जिसमें कई जवान घायल हो गए.

प्रशासन का कहना है कि कड़ी कार्रवाई और सुरक्षा बढ़ाए जाने से फिलहाल माहौल शांत है, लेकिन पूरे राज्य में निगरानी बनाए रखी जा रही है. बता दें कि भाजपा ने इस बार करीब 45% वोट शेयर के साथ 207 सीटें हासिल कीं, जबकि 2021 में उसे सिर्फ 77 सीटें मिली थीं. वहीं तृणमूल कांग्रेस 2021 की 215 सीटों से बुरी तरह गिरकर सिर्फ 80 सीटों पर सिमट गई.

West Bengal violence Bengal election violence DGP Siddh Nath Gupta Bengal FIR action

Recent News