Robber bride: महाराष्ट्र के बीड़ जिले में एक चौंकाने वाला ठगी का मामला सामने आया है. एक महिला और उसके साथियों ने फर्जी शादियों के जरिए कई युवकों को अपना शिकार बनाया. शादी के बाद गहने-नकदी लेकर फरार हो जाने वाली इस महिला पर अब तक 9 पुरुषों को ठगने का आरोप है.
क्या है पूरा मामला?
ताजा घटना में योगेश शिंदे नामक एक स्थानीय युवक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. उनके अनुसार, बिचौलियों (एजेंटों) के माध्यम से उनकी मुलाकात एक महिला से हुई. एजेंटों ने शादी कराने का लालच देकर उनसे अच्छी-खासी रकम वसूली. शादी हो गई, लेकिन कुछ दिनों बाद दुल्हन और एजेंट दोनों ही गायब हो गए. योगेश की पूछताछ और जांच में खुलासा हुआ कि यह महिला पहले भी इसी तरीके से आठ अन्य पुरुषों से शादी कर चुकी है.
सुसाइड करने वाला था पीड़ित
हर बार वह शादी के बाद घर की नकदी, गहने और कीमती सामान लेकर भाग जाती थी. अपनी शिकायत में योगेश ने बताया कि इस ठगी ने उन्हें मानसिक रूप से इतना तोड़ दिया है कि वे आत्महत्या जैसे कदम सोचने लगे थे. उन्होंने जिला पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत देते हुए न्याय की गुहार लगाई. उन्होंने कहा कि उन्हें महिला के पिछले विवाहों की कोई जानकारी नहीं दी गई थी.
कैसे काम करता था गिरोह?
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह मुख्य रूप से बीड़ जिले के गांवों और ग्रामीण इलाकों में अविवाहित युवकों को टारगेट करता था. जहां परिवारों को लड़की ढूंढने में दिक्कत होती है, वहां एजेंटों के जरिए संपर्क बनाया जाता था. शादी का झांसा देकर पहले पैसे वसूले जाते और फिर दुल्हन कुछ दिनों में सामान लेकर फरार हो जाती. चकलांबा पुलिस स्टेशन में इस मामले की शिकायत दर्ज हो गई है.
पुलिस अब इस पूरे गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है और यह भी जांच कर रही है कि और कितने लोग इस ठगी का शिकार बने हैं. यह मामला सामने आने के बाद पूरे जिले में सनसनी फैल गई है और लोग सतर्क रहने की सलाह दे रहे हैं.