Madhya Pradesh Crime: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में हाल ही में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. शहर के विभिन्न हिस्सों में एक नकाबपोश व्यक्ति बाइक पर सवार होकर घूम रहा है और कटर (काटने वाला हथियार) का इस्तेमाल करके युवतियों पर हमला कर रहा है.
एक ही रात में तीन अलग-अलग युवतियों को निशाना बनाया गया. इनमें से दो हमले पिपलानी थाना क्षेत्र में और एक अयोध्या नगर थाना क्षेत्र में हुए. हर बार तरीका एक जैसा रहा. अकेली लड़की को देखते ही आरोपी ने कटर से हमला किया, उन्हें घायल किया और मौके से फरार हो गया. घायल युवतियों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. इन वारदातों से इलाके में दहशत का माहौल है और लोग खासकर महिलाएं अब अकेले बाहर निकलने से डर रही हैं.
तलाश के लिए 10 से अधिक टीमें गठित
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया है, जिसमें नकाब पहने हुए आरोपी बिना नंबर प्लेट वाली बाइक पर दिखाई दे रहा है. फुटेज से उसकी उम्र करीब 35 साल से ज्यादा लग रही है. उसकी हरकतों को देखते हुए पुलिस उसे साइको प्रवृत्ति वाला मान रही है. आरोपी की तलाश के लिए पुलिस ने 10 से अधिक टीमें गठित की हैं. साइबर सेल और क्राइम ब्रांच भी जांच में जुटी हुई हैं. विभिन्न इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि उसकी गतिविधियों और लोकेशन का पता लगाया जा सके.
आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का दावा
एडिशनल डीसीपी जोन-2 गौतम सोलंकी ने बताया कि तीनों घटनाओं का क्राइम पैटर्न बिल्कुल समान है. आरोपी ने नकाब पहनकर पुलिस से बचने की कोशिश की है. जल्द ही उसकी गिरफ्तारी हो जाएगी. इसके लिए कई टीमें अलग-अलग इलाकों में तैनात की गई हैं. पुलिस ने आरोपी की कोई भी सूचना देने वाले को 20 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है. लोग सतर्क रहें और किसी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत पुलिस को सूचित करें.