मायावती का सपा पर हमला, बोलीं- छलावा है घोषणा पत्र, थोथा चना बाजे घना जैसी पार्टी

Mukesh Kumar 27 Nov 2026 11:35 AM 1 Mins
मायावती का सपा पर हमला, बोलीं- छलावा है घोषणा पत्र, थोथा चना बाजे घना जैसी पार्टी

लखनऊ : बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने समाजवादी पार्टी (सपा) के घोषणा पत्र को चुनावी छलावा करार देते हुए प्रदेश की जनता को सावधान रहने की नसीहत दी है। उन्होंने सपा की कार्यशैली और चुनावी वादों पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी की हालत 'थोथा चना बाजे घना' जैसी है। यानी दावे बड़े-बड़े किए जाते हैं, लेकिन उन्हें पूरा करने के लिए जमीन पर ठोस काम दिखाई नहीं देता।

मायावती ने कहा कि सपा का घोषणा पत्र जनता को गुमराह करने वाला है। चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे करना और सत्ता मिलने के बाद उन्हें पूरा नहीं करना सपा की राजनीति का हिस्सा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे ऐसी घोषणाओं और दावों के झांसे में न आएं, बल्कि राजनीतिक दलों के पुराने रिकॉर्ड और उनकी कार्यशैली को देखकर फैसला करें।

बसपा प्रमुख ने सपा पर गरीबों, दलितों, पिछड़ों और मुस्लिमों के विरोध में काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सपा का वास्तविक राजनीतिक चरित्र उसके फैसलों से सामने आता है। पार्टी की कथनी और करनी में बड़ा अंतर है। मायावती के मुताबिक, सपा खुद को पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों का हितैषी बताती है, लेकिन जब इन वर्गों को राजनीतिक भागीदारी देने का मौका आता है तो उसका रवैया अलग दिखाई देता है।

राज्यसभा चुनाव में उम्मीदवार के चयन को लेकर भी मायावती ने सपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब राज्यसभा भेजने की बारी आई तो सपा ने एक धन्नासेठ को टिकट दे दिया। इससे पार्टी की प्राथमिकताओं पर सवाल खड़े होते हैं।

मायावती ने आरोप लगाया कि आने वाले चुनाव में भी सपा ऐसे धनी और बाहुबलियों को मैदान में उतार सकती है, जिनका उद्देश्य जनता की सेवा के बजाय अपने निजी स्वार्थों को पूरा करना होगा। उन्होंने जनता से अपील की कि चुनावी वादों के बजाय राजनीतिक दलों के वास्तविक चरित्र को समझकर ही अपना वोट दें।

Mayawati Samajwadi Party Akhilesh Yadav UP Politics SP Manifesto

Recent News