सैफई सिंडिकेट नोट गिनता रह गया, योगी सरकार बांट रही नियुक्ति पत्र, सीएम योगी का सपा पर तीखा हमला

Mukesh Kumar 27 Nov 2026 12:09 PM 1 Mins
सैफई सिंडिकेट नोट गिनता रह गया, योगी सरकार बांट रही नियुक्ति पत्र, सीएम योगी का सपा पर तीखा हमला

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। सपा के चुनावी घोषणापत्र में युवाओं को 30 लाख नौकरियां देने के वादे पर सवाल उठाते हुए सीएम योगी ने कहा कि जब समाजवादी पार्टी की सरकार थी, तब उसने युवाओं के लिए क्या किया? केवल वादे करने से युवाओं का भविष्य नहीं बदलता, इसके लिए जमीन पर काम करना पड़ता है।

मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि हमारी नियुक्ति पत्र देने की जो गति है, उसे सैफई सिंडिकेट गिन भी नहीं पाएगा। सैफई सिंडिकेट नोट गिनने के अलावा कुछ गिनता ही नहीं है।' उनके इस बयान के जरिए उन्होंने सपा शासनकाल और अपनी सरकार में सरकारी भर्तियों की प्रक्रिया की तुलना की।

सीएम योगी ने कहा कि समाजवादी पार्टी आज 30 लाख नौजवानों को नौकरी देने की बात कर रही है, लेकिन उसे पहले यह बताना चाहिए कि जब उसे सत्ता में काम करने का मौका मिला था, तब उसने कितने युवाओं को रोजगार दिया। मुख्यमंत्री ने सपा के वादे को लेकर उसके पिछले शासनकाल के कामकाज पर सवाल खड़े किए।

पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) के मुद्दे पर भी मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि सपा सरकारी कर्मचारियों को पुरानी पेंशन देने की बात करती है, लेकिन यह भी बताए कि नई पेंशन योजना (एनपीएस) किसने लागू की थी। सीएम योगी ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी ने ही वर्ष 2005 में नई पेंशन योजना लागू की थी।

मुख्यमंत्री के इस बयान से नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का मंच भी बन गया। रोजगार, सरकारी भर्तियों और पुरानी पेंशन जैसे मुद्दों पर भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच जारी सियासी टकराव एक बार फिर सामने आया।

Yogi Adityanath Saifai Syndicate Samajwadi Party UP Government Jobs Appointment Letters

Recent News