लखनऊ : उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। शासन ने नौ आईपीएस अफसरों के तबादले कर दिए हैं. इस बदलाव में मेरठ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अविनाश पांडे पर भी कार्रवाई हुई है. उन्हें मेरठ के एसएसपी पद से हटाकर डीजीपी मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है.
तबादला सूची के अनुसार विनीत जायसवाल को सुल्तानपुर का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है. वहीं चारू निगम को यूपी 112, लखनऊ में पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है। मेरठ की कमान अब बीबीजीटीएस मूर्ति को सौंपी गई है. उन्हें मेरठ का नया एसएसपी नियुक्त किया गया है.
इसी क्रम में अभिषेक झा को गोंडा का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है. विकास कुमार को झांसी का नया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है. कृष्ण कुमार बिश्नोई को बिजनौर का एसपी बनाया गया है.
इसके अलावा विकास चंद्र त्रिपाठी को संभल का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है, जबकि मार्तंड प्रकाश सिंह को बलरामपुर का नया एसपी नियुक्त किया गया है. नौ आईपीएस अधिकारियों के इस तबादले को प्रदेश में पुलिस प्रशासन के स्तर पर महत्वपूर्ण फेरबदल माना जा रहा है. खास तौर पर मेरठ में एसएसपी स्तर पर हुआ बदलाव चर्चा में है. अविनाश पांडे को हटाकर डीजीपी मुख्यालय से संबद्ध किए जाने के बाद अब नए एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति के सामने जिले की कानून-व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी होगी.
वहीं, अलग-अलग जिलों में नए पुलिस कप्तानों की तैनाती से पुलिस व्यवस्था में बदलाव देखने को मिलेगा. शासन की ओर से किए गए इस फेरबदल के बाद संबंधित अधिकारियों के कार्यभार ग्रहण करने की प्रक्रिया शुरू होगी.