लखनऊ : मुरादाबाद में समाजवादी पार्टी के PDA सम्मेलन के दौरान उस वक्त हंगामा जैसा माहौल बन गया, जब पार्टी सांसद रामजी लाल सुमन भाषण के बीच माइक की आवाज को लेकर नाराज हो गए. माइक में दिक्कत आने के बाद सुमन ने नाराजगी जताई और देखते ही देखते माइक मंच पर फेंक दिया. इसके बाद उन्होंने अपना भाषण बीच में ही रोक दिया और कार्यक्रम से चले गए. घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
जानकारी के मुताबिक, रामजी लाल सुमन मुरादाबाद में आयोजित पीडीए सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे. भाषण के दौरान वह संविधान और राजनीतिक मुद्दों पर अपनी बात रख रहे थे. इसी बीच माइक की आवाज में बदलाव और व्यवधान आने लगा. इससे सुमन नाराज हो गए.
उन्होंने मंच से माइक फेंकते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की और कहा कि व्यवस्था का क्या हाल बना रखा है. इसके बाद उन्होंने मौजूद लोगों से हाथ जोड़कर 15 नवंबर को आगरा आने का आह्वान किया और कार्यक्रम से निकल गए. यह सम्मेलन ऐसे समय हुआ है जब समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के तहत PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों के बीच अपनी राजनीतिक पहुंच बढ़ाने के लिए सम्मेलन कर रही है.
पार्टी की ओर से बूथ और विधानसभा स्तर तक ऐसे कार्यक्रमों पर जोर दिया जा रहा है. मुरादाबाद की घटना के बाद रामजी लाल सुमन का नाम सोशल मीडिया पर चर्चा में है. हालांकि उनकी नाराजगी की तत्काल वजह माइक की तकनीकी समस्या ही बताई गई है. घटना के बाद सम्मेलन में मौजूद लोगों के बीच भी यह मामला चर्चा का विषय बन गया.