चोर के कंधे पर झूमे टीआई! जन्मदिन का जश्न पड़ा भारी, मुरैना थाना प्रभारी सस्पेंड

Amanat Ansari 02 Mar 2026 08:45: PM 1 Mins
चोर के कंधे पर झूमे टीआई! जन्मदिन का जश्न पड़ा भारी, मुरैना थाना प्रभारी सस्पेंड

Morena Police Station Incharge Inspector Video: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में एक घटना ने पुलिस विभाग में खलबली मचा दी है. जौरा थाना के प्रभारी निरीक्षक दर्शन लाल शुक्ला का जन्मदिन 28 फरवरी की शाम थाने के परिसर में ही जोर-शोर से मनाया गया. इस दौरान मालाएं पहनाई गईं, केक काटा गया और बधाइयों का सिलसिला चला.

जश्न के बीच कोतवाली क्षेत्र का कुख्यात बाइक चोर लवकुश शर्मा भी शामिल हो गया, जो हिस्ट्रीशीटर के रूप में जाना जाता है. वीडियो में साफ दिख रहा है कि लवकुश ने टीआई दर्शन लाल शुक्ला को अपने कंधों पर बिठा लिया और पूरे थाना परिसर में नाचते-गाते घुमाया. पीछे पुलिसकर्मी और अन्य लोग चलते नजर आए.

यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया, जिसके बाद पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ ने तुरंत कार्रवाई की. टीआई दर्शन लाल शुक्ला को सस्पेंड कर दिया गया और उन्हें पुलिस लाइन में संबद्ध कर दिया गया है. कुछ रिपोर्टों में बताया गया है कि यह फैसला मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देश पर लिया गया.

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, लवकुश शर्मा पर पहले से गंभीर आरोप हैं. जून 2025 में उसे बाइक चोरी के एक बड़े मामले में गिरफ्तार किया गया था, जहां वह 18 बाइकों (करीब 13 लाख रुपये कीमत) की चोरी में शामिल था और गिरोह का मुख्य सदस्य बताया गया. जमानत पर बाहर आने के बाद जनवरी 2026 में उसने बिजली विभाग के अधिकारियों पर हमला किया था, जिसका केस भी दर्ज हुआ.

टीआई दर्शन लाल शुक्ला ने सफाई देते हुए कहा कि भीड़ में कौन आया, उन्हें ठीक से पता नहीं चला. उन्होंने लवकुश को अपना मुखबिर बताया और दावा किया कि वह कुछ मामलों में उपयोगी सूचना दे चुका है. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें लवकुश की आपराधिक पृष्ठभूमि की जानकारी नहीं थी.

morena police station inspector birthday video inspector history sheeter

Recent News