नई दिल्ली: आध्र प्रदेश के तिरुपति में दलित युवक से प्रेम करना एक मां को इतना नागवार गुजरा कि उसने अपने हाथों से अपनी बेटी का गला घोंट दिया. पूरी घटना तिरुपति के चंद्रगिरी मंडल की बताई जा रही है. लड़की की उम्र महज 16 साल थी. शुरुआत में नाबालिग की मौत समान्य लग रही थी, लेकिन पुलिस ने जैसे ही जांच शुरू की तो यह भयावह खुलासा हुआ. दावा किया जा रहा है कि समझाने-बुझाने के बाद भी जब उसकी बेटी ने दलित युवक का साथ नहीं छोड़ा, तो मां ने प्लान बनाकर बेटी की हत्या कर दी और पुलिस की आखों में धुल झोंकने की कोशिश की.
मीडिया रपोर्ट से जानकारी मिली है कि नाबालिग लड़की अपने ही गांव के एक युवक से प्रेम करती थी. इस दौरान दोनों में शारीरिक संबंध भी बना और लड़की गर्भवती हो गई. जब इसकी जानकारी उसकी मां को हुई तो उन्होंने उसका गर्भपात करा दिया और हिदायत दी कि आइंदा वह उस लड़के से नहीं मिलेगी, लेकिन लड़की ने मां की बात नहीं मानी और प्रेमी से मेलजोल जारी रखा. गुस्से में आकर मां ने लड़के के खिलाफ पोक्सो एक्ट में मुकदमा भी दर्ज कराया, जिसके बाद लड़के को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल में डाल दिया. फिर लड़की उससे जेल में भी मिलने जाने लगी. इस वजह से न सिर्फ मां बल्कि, उसके परिवार के अन्य लोग भी नराज थे. परिवार के अन्य लोगों ने भी समझाने की कोशिश की.
लड़की की दादी और चाची ने भी उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं मानी. मां ने कहा कि पिछले हफ्ते जब उसे फोन लेकर घर से बाहर जाते हुए देखा तो उसे फटकार लगाई. वहीं जब उसने विरोध करना शुरू किया तो पीछे से पकड़ना पड़ा, फिर भी नहीं मानी तो उसका मुंह और नाक बंद कर दिया, फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद घर बंद कर तिरुमाला चली गई.
मां ने बताया कि अगली सुबह पति को फोन किया और उससे दोबारा लड़की को देखने की बात कही. जब उन्होंने जांच की तो पता चला कि लड़की की पहले ही मौत हो चुकी थी. फिर रिश्तेदारों को सूचना दी गई. सबूत मिटाने के लिए परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया. इसी बीच पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि मां ने बेटी की हत्या कर दी है और शव को जला दिया है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की और घटना स्थल पर पहुंची. जांच की जिम्मेदारी खुद तिरुपति जिले के एसपी हर्षवर्धन राजू ने संभाली. इस दौरान ऑनर किलिंग का मामला सामने आया. पुलिस ने आरोपी को मां को हिरासत में लेकर अन्य आरोपियों की भी तलाश शुरू की. पुलिस अब जांच कर रही है कि लाश को ठिकाने लगाने में किस-किस ने महिला का साथ दिया है. पुलिस अन्य लोगों की तलाश में छापेमारी कर रही है.