Dispute at the Maharajganj-Nepal Border: महराजगंज के सोनौली अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर पर हुई एक घटना ने सीमा सुरक्षा और कानूनी प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. जानकारी के मुताबिक, नेपाल पुलिस एक फरार आरोपी का पीछा करते हुए भारतीय सीमा में दाखिल हो गई और उसे पकड़कर वापस नेपाल ले गई. यह सब उस समय हुआ, जब सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (SSB) के जवान भी तैनात थे.
In Maharajganj’s India-Nepal Sonouli border area, serious law and order concerns have emerged at the international border. Nepal Army personnel allegedly entered Indian territory and took away a young man without permission, and a video of him being carried away has gone viral.… pic.twitter.com/QrHlWYs5PJ
— Bhadohi Wallah (@Mithileshdhar) April 22, 2026
बताया जा रहा है कि आरोपी युवक नेपाल की पुलिस हिरासत से निकलकर भारतीय क्षेत्र में पहुंच गया था. उसके पीछे-पीछे नेपाली पुलिसकर्मी भी सीमा पार कर आए और उसे पकड़ लिया. इसके बाद उसे सार्वजनिक रूप से सड़क पर घसीटते हुए वापस ले जाया गया, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है.
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि घटना के दौरान भारतीय पुलिस भी मौके पर पहुंची थी और कुछ समय के लिए युवक को रोका गया, लेकिन इसके बावजूद नेपाली पुलिस उसे अपने साथ ले जाने में सफल रही. ऐसे में यह बड़ा सवाल उठ रहा है कि सीमा पर मौजूद सुरक्षा बलों के रहते विदेशी पुलिसकर्मी भारतीय इलाके में कैसे कार्रवाई कर पाए.
इस घटना ने सीमा प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और दोनों देशों की एजेंसियों के बीच तालमेल पर चिंता बढ़ा दी है. विशेषज्ञ इसे अंतरराष्ट्रीय नियमों के उल्लंघन के रूप में देख रहे हैं और इसे सुरक्षा तंत्र के लिए एक गंभीर चुनौती मान रहे हैं.
वीडियो सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है. कई लोगों ने इसे मानवाधिकारों का उल्लंघन बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है.
वहीं, सोनौली थाने के प्रभारी महेन्दर मिश्रा ने बताया कि मामला जांच के दायरे में है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, बेलहिया थाना क्षेत्र का आरोपी भारतीय सीमा में आ गया था, जिसके पीछे नेपाली पुलिस भी पहुंच गई. फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है.
अब तक इस पर दोनों देशों के वरिष्ठ अधिकारियों की कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन इस घटना ने भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा, संप्रभुता और एजेंसियों के बीच समन्वय को लेकर नई बहस जरूर छेड़ दी है.