छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी हासिल हुई है. यहां 9 नक्सलियों को मुठभेड़ के दौरान ढेर कर दिया गया है. दंतेवाड़ा के एसपी गौरव राय ने बताया कि दंतेवाड़ा बीजापुर सीमावर्ती इलाके में पश्चिम बस्तर डिवीजन के नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर पुलिस और CRPF की संयुक्त टीम सर्च ऑपरेशन के लिए पहुंची.
जंगल में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई. 9 नक्सलियों के शव बरामद हुए हैं. हथियार भी बरामद हुए हैं. वहीं छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में 9 नक्सलियों के मारे जाने पर कहा कि जब से भाजपा की सरकार बनी है, तब से सरकार नक्सलवाद के खिलाफ मजबूती से लड़ रही है, हमारे जवान लड़ रहे हैं.
हम अपने जवानों की बहादुरी को सलाम करते हैं. अभी 9 नक्सली मारे गए हैं, हम अपने जवानों की इस बहादुरी के लिए उन्हें सलाम करते हैं, बहुत जल्द इस राज्य से नक्सलवाद का खात्मा हो जाएगा.