प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति पर राहुल गांधी के तंज के बाद भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने करारा पलटवार किया है। दुबे ने सोशल मीडिया पर पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और क्यूबा के नेता फिदेल कास्त्रो की गले मिलने वाली तस्वीरें शेयर कीं और राहुल गांधी से पूछा कि क्या वे इसे भी गलत भावना कहेंगे।
गुरुवार को कांग्रेस के ‘रचनात्मक कांग्रेस’ राष्ट्रीय सम्मेलन में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने पीएम मोदी की कूटनीति पर निशाना साधते हुए कहा था कि विदेश नीति का मतलब सिर्फ नेताओं को गले लगाना नहीं होता। इस दौरान उन्होंने मंच पर कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित को गले लगाकर अपना रुख समझाया। संदीप दीक्षित के मेलोनी वाले कमेंट पर भी राहुल गांधी ने जवाब दिया, जिस पर भाजपा भड़क गई।
निशिकांत दुबे ने अपने पोस्ट में इंदिरा गांधी की तस्वीरों के साथ-साथ लोकसभा में राहुल गांधी द्वारा पीएम मोदी को अचानक गले लगाने वाली तस्वीर भी शेयर की। उन्होंने लिखा, “राहुल गांधी जी इस गले पड़ने को जठराग्नि कहते हैं कि कामाग्नि?”
इस मुद्दे पर केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, प्रह्लाद जोशी और बांसुरी स्वराज समेत कई भाजपा नेताओं ने भी राहुल गांधी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता के पद की गरिमा के अनुरूप व्यवहार नहीं किया गया और देश को परिपक्व नेतृत्व की जरूरत है।
यह विवाद सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चा का विषय बना हुआ है।