21 साल के खिलाड़ी ने बांग्लादेश को पिलाया पानी, हांफते दिखे नागिन डांस वाले गेंदबाज

Abhishek Chaturvedi 10 Oct 2024 06:07: PM 2 Mins
21 साल के खिलाड़ी ने बांग्लादेश को पिलाया पानी, हांफते दिखे नागिन डांस वाले गेंदबाज

जब टीम की कप्तानी सूर्यकुमार यादव के हाथ में हो और मुकाबला टी20 का हो, तो अंजाम क्या होगा, विरोधी टीम भी जानती है, लेकिन बावजूद इसके बांग्लादेश के खिलाड़ी इस बार बदले की प्लानिंग से उतरे थे, वो पिछली हार का बदला चाहते थे. दिल्ली की पिच पर नागिन डांस करना चाहते थे और ये प्लानिंग सफल होती तब दिखी, जब संजू सैमसन सिर्फ 10 के स्कोर पर आउट होकर पवेलियन लौट गए. सोशल मीडिया पर कोई संजू को ट्रोल कर रहा था, तो कोई गंभीर और सूर्या को दोषी बता रहा था. ये बहस चल ही रही थी तभी सूर्यकुमार यादव नंबर 3 पर बैटिंग के लिए आते हैं और सिर्फ 8 रन बनाकर लौट जाते हैं.

बांग्लादेश की टीम को लगता है आज तो टीम इंडिया को रुला ही देंगे, लेकिन जैसे ही 21 साल के नीतीश रेड्डी पिच पर कदम रखते हैं, थोड़ी ही देर बाद हर तरफ तूफान मच जाता है. फील्डर बाउंड्री से गेंद ला-लाकर और अंपायर हाथ उठा-उठाकर थक जाते हैं. नीतीश रेड्डी ने सिर्फ 34 गेंदों में 74 रन बनाकर वो रिकॉर्ड बनाया, गंभीर से लेकर सूर्या तक सब ताली बजाने लगे, जबकि बांग्लादेशी उधर आपस में ही पूछने लगे कि ये नीतीश रेड्डी आखिर कौन है. बड़ी बात ये थी कि नीतीश के 74 रनों का दर्द बांग्लादेशी गेंदबाज भूले भी नहीं थे कि रिंकू का 53 रन वाला तूफान कहर बरपाने लगा, और मैदान में रिंकू-रिंकू के साथ ही रेड्ड़ी-रेड्डी भी गूंजने लगा.

कौन हैं नीतीश रेड्डी

  • आंध्र प्रदेश के रहने वाले नीतीश रेड्डी एक सामान्य परिवार से आते हैं, पिता ने खुद की नौकरी छोड़ इन्हें क्रिकेटर बनाया!
  • सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने मौका दिया तो बैटिंग से अपना शानदार हुनर दिखाया, जिसकी पैट कमिंस भी तारीफ करते हैं
  • धोनी की कप्तानी वाली चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ एक मैच में नीतीश ने जो शॉट लगाया, उसे धोनी भी शायद नहीं भूले होंगे

आंध्र प्रदेश टीम की कप्तानी कर चुके हनुमा विहारी इन्हें भविष्य का स्टार मानते हैं, वो कहते हैं इंडिया में ऐसा कम ही होता है कि कोई बल्लेबाज मध्यम गति का तेज गेंदबाज भी हो.  नीतीश विराट कोहली को अपना आइडियल मानते हैं, उन्हीं की टीम के खिलाफ अपना आईपीएल डेब्यू भी किया, और यहां तक कि कोहली से बल्ले पर ऑटोग्राफ भी लिया था, और उसके बाद आईपीएल में ऐसा झंडा गाड़ा कि बीसीसीआई के बड़े-बड़े अधिकारी भी हिल गए. और जब इंटरनेशनल डेब्यू का मौका मिला तो दूसरे ही मैच में रोहित और ऋषभ वाली लिस्ट में पहुंचकर बता दिया अभी तो ये शुरुआत है.

T20I में भारत के लिए सबसे कम उम्र में अर्धशतक बनाने वाले खिलाड़ी 

  • 20 साल 143 दिन - रोहित शर्मा
  • 20 साल 271 दिन - तिलक वर्मा
  • 21 साल 38 दिन - ऋषभ पंत
  • 21 साल 136 दिन - नीतीश रेड्डी

अब नीतीश अपने इस परफॉर्मेंस को कैसे बरकरार रख पाते हैं, इस पर सबकी नजरें होंगी. क्योंकि एक वक्त था जब ईशान किशन और शुभमन गिल जैसे युवा खिलाड़ियों ने भी विरोधियों के खूब छक्के छुड़ाए थे, नए-नए रिकॉर्ड बनाए थे, लेकिन आज दोनों खिलाड़ियों की किस्मत कैसे अचानक से 360 डिग्री बदल गई, आप देख सकते हैं. यहां तक कि हार्दिक पांड्या जिन्हें टी20 का भावी कप्तान माना जाता था, वो अब सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में खेलते नजर आ रहे हैं, यानि किस्मत का खेल बड़ा निराला है, और उसमें नीतीश रेड्डी की किस्मत उन्हें कहां ले जाती है, ये देखने वाली बात होगी. फिलहाल बांग्लादेशियों गेंदबाजों के जैसे पसीने इन्होंने छुड़ाए हैं, हर कोई इनकी तारीफ कर रहा है.  

nitish kumar reddy nitish reddy nitish kumar reddy sixes

Recent News