दिल्ली के द्वारका और आसपास के क्षेत्रों के निवासियों के लिए एक अच्छी खबर आई है. उन्हें अब पंजाब और राजस्थान जाने के लिए नई दिल्ली नहीं जाना पड़ेगा. दरअसल बिजवासन रेलवे स्टेशन, जो मौजूदा वक्त में पुनर्निर्माण के दौर से गुजर रहा है, जल्द ही यात्रियों के लिए शुरू किया जाएगा. इससे लोगों का समय और पैसे दोनों की बचत होगी.
बिजवासन स्टेशन दिल्ली के प्रमुख रेलवे स्टेशनों में से एक बनेगा. यह नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली, निजामुद्दीन और आनंद विहार के बाद दिल्ली का पांचवां सबसे बड़ा रेलवे स्टेशन होगा. इस परियोजना का लगभग 80% काम पूरा हो चुका है और बाकी बचे काम को जल्दी ही समाप्त करने की योजना है. रेलवे मंत्रालय के अनुसार, यह स्टेशन अगले साल मार्च में चालू होगा.
बिजवासन स्टेशन यात्रियों के लिए कई सुविधाएं प्रदान करेगा. यह स्टेशन सात प्लेटफार्मों के साथ यात्रियों को राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी भारत की ओर जाने वाली ट्रेनों से जोड़ने में मदद करेगा. इससे नई दिल्ली स्टेशन पर होने वाली भीड़भाड़ से आजादी मिलेगी.
इस स्टेशन का निर्माण लगभग 30,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में किया जा रहा है, जिसमें निचला ग्राउंड, ग्राउंड फ्लोर और एयर कॉन्कोर्स शामिल हैं. इसके अलावा, यहां 12 मीटर चौड़ी चार सबवे और पार्किंग और मेट्रो स्टेशनों के लिए स्काईवेज का निर्माण किया जाएगा. यात्रियों की सुविधा के लिए 12 लिफ्ट और 14 एस्केलेटर भी स्थापित किए जाएंगे. सुरक्षा के लिए पूरे स्टेशन पर CCTV कैमरे लगाए जाएंगे.
बिजवासन स्टेशन की खासियत यह है कि यह द्वारका सेक्टर-21 मेट्रो स्टेशन और IGI एयरपोर्ट के नजदीक है. यहां एक अंतरराज्यीय बस अड्डे का भी निर्माण किया जाएगा, जिससे यह एक प्रमुख परिवहन केंद्र बन जाएगा. यात्रियों को बसों, मेट्रो, ट्रेनों और विमानों की सुविधा एक ही स्थान पर मिलेगी. रेलवे मंत्रालय ने हाल ही में बिजवासन स्टेशन पर एक स्लीपर वंदे भारत डिपो स्थापित करने के निर्देश भी दिए हैं.