ढाका/इस्लामाबाद: पाकिस्तान ने बांग्लादेश के साथ संयुक्त सैन्य कमान (Joint Military Command) बनाने का प्रस्ताव रखा है. यह कदम भारत के लिए थ्री फ्रंट वॉर (तीन मोर्चों पर युद्ध) की आशंका को और बढ़ा सकता है.
28 जून को ढाका में पाकिस्तान के उच्चायुक्त इमरान हैदर के नेतृत्व में चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री के रक्षा सलाहकार ब्रिगेडियर जनरल (रिटायर्ड) डॉ. ए.के.एम. शम्सुल इस्लाम से मुलाकात की.
बैठक में क्षेत्रीय रणनीतिक हितों के मद्देनजर जॉइंट मिलिट्री कमांड बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई. इस दौरान पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच डिफेंस सहयोग बढ़ाने, जॉइंट मिलिट्री ट्रेनिंग और संयुक्त कमान बनाने पर चर्चा हुई.
बांग्लादेश पहले JF-17 लड़ाकू विमान खरीदने पर विचार कर रहा था, लेकिन अब चीन से J-10C खरीदने की बात चल रही है, इसे लेकर भी दोनों देशों के पीच महत्वपूर्ण चर्चा हुई. विशेषज्ञों का मानना है कि अगर बांग्लादेश पाकिस्तान के साथ इस तरह का सैन्य समझौता करता है तो भारत के लिए पूर्वोत्तर (सिलीगुड़ी कॉरिडोर) में नया खतरा पैदा हो सकता है.
पाकिस्तान, चीन और बांग्लादेश के बीच समन्वय 'थ्री फ्रंट वॉर' की आशंका को हकीकत बना सकता है. बांग्लादेश की आर्म्ड फोर्सेज डिवीजन ने बैठक के बाद द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने और सहयोग बढ़ाने की बात कही है.