गाजियाबाद: लोनी बॉर्डर के मुस्तफाबाद इलाके में एक बेहद दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. स्विमिंग पूल जाने के लिए निकले युवक को नीली कार में सवार दबंगों ने सड़क से अगवा कर लिया और एक प्रॉपर्टी डीलर के दफ्तर में ले जाकर बेरहमी से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी. घटना के बाद पूरे परिवार में गम का माहौल है. परिजनों ने योगी सरकार से आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाने और एनकाउंटर की मांग की है.
घटना क्या हुई?
मोहम्मद जैद उर्फ शारिक अपने दोस्तों नदीम और इब्राहिम के साथ स्विमिंग पूल जा रहा था. इसी दौरान नीली कार में सवार राहुल और उसके साथियों के साथ उसकी कार और बाइक के बीच मामूली टक्कर हो गई. टक्कर के बाद गुस्साए राहुल और उसके साथियों ने जैद को जबरन अगवा कर लिया. वे उसे पास के एक प्रॉपर्टी डीलर के दफ्तर में ले गए, जहां लातों-घूसों और मारपीट से उसकी निर्मम हत्या कर दी गई. वारदात के बाद आरोपी दफ्तर में ताला लगाकर फरार हो गए.
पुलिस की कार्रवाई
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. मृतक के भाई ने तहरीर दी है, जिसके आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस आरोपी राहुल समेत अन्य लोगों की तलाश कर रही है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. पूरे इलाके में इस घटना से तनाव का माहौल है. स्थानीय लोग सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं.