चिक्कबल्लापुर (कर्नाटक): बेंगलुरु की 26 वर्षीय फिजियोथेरेपिस्ट सुरभि की होमस्टे में रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत हो गई. उसी कमरे में उसका प्रेमी संजीत अली बेहोश हालत में मिला, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस के अनुसार, सुरभि हिंदू समुदाय से थीं और संजीत अली केरल का मुस्लिम युवक है. दोनों के बीच लंबे समय से रिश्ता चल रहा था.
परिवार दोनों के रिश्ते से नाराज थे. परिवार का आरोप है कि संजीत ने सुरभि को नशीले पदार्थों की लत लगाई, शराब और ड्रग्स की आदी बनाया तथा बार-बार मारपीट की. सुरभि ने परिवार को बताया था कि वह संजीत से शादी करना चाहती है, लेकिन परिवार ने विरोध किया. बाद में परिवार ने उन्हें रिहैबिलिटेशन सेंटर में भर्ती कराया, जहां सुरभि ने 6 महीने तक इलाज कराया.
इलाज के बाद वह बेंगलुरु में अपनी मां के साथ रह रही थीं. पुलिस को संदेह है कि सुरभि SAI कैंपस में वॉलंटियरिंग के लिए चिक्कबल्लापुर आई थीं. संजीत केरल से वहां पहुंचा और होमस्टे बुक कर दोनों 3 दिन तक साथ रहे. कमरे से रस्सी, बड़ी मात्रा में गोलियां, उल्टी के निशान और तकिया बरामद हुए हैं. सुरभि के शरीर पर कोई स्पष्ट बाहरी चोट नहीं मिली. चिक्कबल्लापुर SP कुशल चौकसी ने कहा कि पोस्टमॉर्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही मौत का सही कारण पता चल सकेगा.
पुलिस हत्या, आत्महत्या, जहर या सुसाइड पैक्ट के सभी एंगल से जांच कर रही है. संजीत के होश में आने के बाद उसका बयान महत्वपूर्ण होगा. यह मामला प्रेम संबंधों, नशे और पारिवारिक विरोध की जटिलताओं को फिर से उजागर कर रहा है. पुलिस आगे की जांच कर रही है.