लखनऊ: राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में सोमवार दोपहर एक तीन मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई. इस हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई, जिनमें ज्यादातर छात्र बताए जा रहे हैं. आग लगने के बाद इमारत में अफरा-तफरी मच गई और कई छात्र धुएं से बचने के लिए बाथरूम में खुद को बंद कर बैठ गए.
आग की वजह आई सामने
चश्मदीदों के अनुसार, बिजली के खंभे में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी, जो तेजी से पूरे भवन में फैल गई. इमारत के दूसरे तल पर ‘लर्निंग स्पेस’ नाम की लाइब्रेरी और ‘हेड हॉपर स्टूडियो’ (एनिमेशन एवं गेमिंग कोचिंग) चल रहा था. बेसमेंट और ग्राउंड फ्लोर पर पेट शॉप तथा क्लिनिक थे.
दीवार तोड़कर किया बचाव
आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियां, SDRF और NDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं. घने धुएं और लपटों के कारण बचाव कार्य में भारी मुश्किलें आईं. दमकलकर्मियों ने इमारत की पिछली दीवार को दो जगहों पर तोड़कर अंदर फंसे लोगों तक पहुंच बनाई. कुछ लोगों को सुरक्षित निकाला गया, लेकिन कई के अभी भी अंदर फंसे होने की आशंका है और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है. एक छात्र ने पहली मंजिल से कूदकर जान बचाने की कोशिश की, लेकिन नीचे लगी ग्रिल पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया.
ब्रजेश पाठक मौके पर, CM योगी लौटे
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक मौके पर पहुंचे और राहत कार्य का जायजा लिया. उन्होंने कहा कि डॉक्टरों और एंबुलेंस की पूरी व्यवस्था कर दी गई है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हाथरस-आगरा का दौरा बीच में रद्द कर लखनऊ लौट रहे हैं. प्रशासन ने उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं. इस घटना ने एक बार फिर कोचिंग संस्थानों में फायर सेफ्टी की लापरवाही को उजागर कर दिया है. अभी भी कई लोग फंसे होने की आशंका है. प्रशासन पूरे मामले पर नजर रखे हुए है.