नई दिल्ली: दरभंगा पुलिस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. आरोपी, मोहम्मद रिजवी उर्फ राजा, सिंहवारा के भपुरा गांव का निवासी है. पुलिस ने बताया कि रिजवी उन लोगों में शामिल था, जिन्होंने वोटर अधिकार यात्रा के मंच से प्रधानमंत्री के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया. पुलिस अधिकारियों ने पुष्टि की, ''मोहम्मद रिजवी उर्फ राजा को गिरफ्तार कर लिया गया है.''
बिहार में चुनाव से पहले एक विवाद तब शुरू हुआ, जब राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया. बीजेपी ने इस कथित टिप्पणी को लेकर पटना के कोतवाली पुलिस स्टेशन में एक एफआईआर दर्ज की और कांग्रेस सांसद से माफी की मांग की.
दरभंगा में हुई इस घटना का एक वीडियो वायरल हो गया है. वीडियो में दिख रहा है कि कांग्रेस कार्यकर्ता मंच से पीएम मोदी के खिलाफ अपमानजनक भाषा का उपयोग कर रहे हैं, जहां राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और तेजस्वी यादव के पोस्टर लगे थे. यहीं से गांधी, उनकी बहन और कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा, और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव मोटरसाइकिल पर सवार होकर मुजफ्फरपुर के लिए रवाना हुए थे.
कांग्रेस ने इस घटना से खुद को अलग कर लिया है. नेता राशिद अल्वी ने कहा कि पार्टी ऐसी भाषा को स्वीकार नहीं करती और इस कृत्य की निंदा करती है. हालांकि, बीजेपी ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला. पार्टी के प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा, ''राहुल गांधी, आप जिस तरह की भाषा और गालियां पीएम मोदी के खिलाफ इस्तेमाल कर रहे हैं और दूसरों से मंच पर करवा रहे हैं, वह बिल्कुल असहनीय है. आपको इसके लिए देश से माफी मांगनी चाहिए, और बिहार के लोग आपको इसके लिए कभी माफ नहीं करेंगे.''
उन्होंने आगे कहा, ''एक गरीब का बेटा, ओबीसी समुदाय का बेटा, प्रधानमंत्री बना है-और आप इसे बर्दाश्त नहीं कर सकते. ऐसी जलन से जलकर आप केवल खुद को नष्ट करेंगे.'' वरिष्ठ बीजेपी नेता और लोकसभा सांसद रवि शंकर प्रसाद ने भी एक तीखे एक्स पोस्ट में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव की इस घटना के लिए निंदा की. उन्होंने टिप्पणियों को ''शर्मनाक'' और ''बेहद अपमानजनक'' बताया, जो न केवल प्रधानमंत्री के लिए, बल्कि भारतीय संस्कृति और मूल्यों के लिए भी अपमानजनक हैं.