नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में हिंदू रक्षा दल के संस्थापक और राष्ट्रीय अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, जिन्हें पिंकी चौधरी के नाम से जाना जाता है, को उनके पुत्र हर्ष चौधरी के साथ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. यह कार्रवाई शालीमार गार्डन क्षेत्र में सार्वजनिक रूप से तलवारें वितरित करने और क्षेत्र में भय का वातावरण बनाने के आरोप में की गई.
घटना पिछले वर्ष 29 दिसंबर की है, जब संगठन के कार्यालय के पास 150 फुटा रोड पर स्टॉल लगाकर कार्यकर्ताओं ने हिंदू परिवारों को तलवारें सौंपीं. संगठन का दावा था कि बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर हो रहे अत्याचारों जैसी स्थिति भारत में न बने, इसलिए आत्मरक्षा के लिए यह कदम उठाया जा रहा है. इस दौरान तलवारें लहराते हुए नारे लगाए गए, जिससे आसपास के लोग सहम गए.
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तुरंत पहुंचकर 10 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया और कई तलवारें जब्त कीं. मुख्य आरोपी पिंकी चौधरी मौके से भाग निकले थे. फरारी के दौरान उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपने कृत्य को न्यायोचित ठहराया और पुलिस को खुलेआम चुनौती दी.
मुखबिरी के आधार पर पुलिस ने दोनों को दिल्ली की सीमा से सटे इलाके से पकड़ा. पिंकी चौधरी पर गाजियाबाद के विभिन्न थानों में करीब 27 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि उनके बेटे पर भी तीन मुकदमे हैं. पुलिस अब यह पता लगा रही है कि इतनी बड़ी संख्या में तलवारें कहां से प्राप्त की गईं. मामले में भारतीय न्याय संहिता की सख्त धाराएं लगाई गई हैं.