उत्तराखंड के बद्रीनाथ हाईवे पर सड़क हादसे में मारे गए और घायल हुए लोगों के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बड़ा ऐलान किया है. पीएम मोदी ने मारे गए लोगों के परिजनों के लिए 2 लाख रुपए और घायल हुए लोगों को 50 हजार रुपए देने का ऐलान किया है.
वहीं केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने मारे गए लोगों के लिए शोक व्यक्त किया है. साथ ही घायलों के त्वरित ठीक होने की कामना की है और एसडीआरएफ टीम को सभी जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं.
बता दें कि दुर्घटना में अभी तक 14 लोगों के मारे जाने की सूचना है. जानकारी मिली है कि बद्रीनाथ हाइवे पर एक तीर्थ यात्रियों को ले जा रहा वाहन अनियंत्रित होकर अलकनंदा नदी में गिर गया है. जिसमें कुल 23 यात्री सवार थे. सभी लोग बद्रीनाथ दर्शन के लिए जा रहे थे.
सभी दर्शनार्थी राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के बताए जा रहे हैं. पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई है और रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है. इस दौरान स्थानीय लोग भी मदद करने में जुटे हुए है. घायलों को निकालकर अस्पताल भेजा जा रहा है.
वहीं गंभीर रूप से घायल लोगों के लिए हेलीकॉप्ट की व्यवस्था की गई है और हेलीकॉप्टर से ही उसे ऋषिकेश स्थित एम्स भेजा जा रहा है. घटना को लेकर एसपी विशाखा अशोक ने जानकारी दी है. SP ने बताया कि रुद्र प्रयाग में रैंतोली के पास एक टैंपो ट्रैवलर हाईवे से खाई में गिर गई.
स्थानीय लोग, SDRF, फायर सर्विस, जिला आपदा प्रबंधन और जल पुलिस रेस्क्यू अभियान चला रही है. बता दें कि जहां हादसा हुआ है वहां रेलवे प्रोजेक्ट का काम चल रहा है. उसी प्रोजेक्ट में कार्य कर रहे तीन मजदूर लोगों को बचाने के लिए नदी में कूद गए, जिनमें 2 ही वापस लौट सके और एक की मौत हो गई.
दुर्घटना पर गढ़वाल के आईजी करण सिंह नगन्याल ने जानकारी दी. वहां किये जा रहे बचाव अभियान पर और मौजूद पुलिस अधीक्षकों के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि सात लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं और नौ लोगों को हॉस्पिटल पहुंचाया गया है.
घायलों में एक की मौत की सूचना मिली है साथ ही ड्राइवर की हालत भी गंभीर है. मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि हादसे का कारण वाहन चालक को झपकी आना था. साथ ही वाहन में सवार 23 लोगों में अधिकांश भी नींद में थे, जिस कारण से वे लोग संभल भी नहीं पाए.