वाराणसी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र काशी पहुंचे और स्थानीय लोगों को एक बड़ी सौगात दी. उन्होंने मिर्जामुराद के खोचवां में अहमदाबाद स्थित कपड़ा निर्माता कंपनी अरविंद लिमिटेड (अरविंद मिल्स) के लगभग 150 करोड़ रुपए की लागत से बने नए मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का उद्घाटन किया.
यह प्लांट करीब 7-8 एकड़ क्षेत्र में फैला है और पूर्वांचल में अरविंद मिल्स का पहला बड़ा मैन्युफैक्चरिंग यूनिट है. यहां स्पोर्ट्सवियर, अंडरगारमेंट समेत जॉकी, यूएस पोलो और एरो जैसे ब्रांड्स के कपड़ों का उत्पादन होगा. प्लांट शुरू होने के बाद दो चरणों में निर्माण होने से क्षेत्र के हजारों लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है. स्थानीय महिलाओं को प्राथमिकता देते हुए पहले ही 300 से अधिक महिलाओं की भर्ती की जा चुकी है, जिन्हें वर्तमान में प्रशिक्षण दिया जा रहा है.
उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री ने प्लांट के पदाधिकारियों से तैयार हो रहे कपड़ों, खादी परिधानों और निर्माण सामग्री के बारे में जानकारी ली. उन्होंने ‘अपना हुनर, अपनी पहचान’ पहल के तहत प्रशिक्षण ले रही महिलाओं से सीधा संवाद भी किया और उनके अनुभवों व चुनौतियों को जाना. इस अवसर पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे.
अरविंद मिल्स 1931 से सक्रिय कंपनी है, जिसका मुख्यालय अहमदाबाद में है. यह डेनिम, सूती, लिनेन, सूटिंग फैब्रिक और स्पोर्ट्सवियर समेत विभिन्न प्रकार के कपड़ों का उत्पादन करती है. काशी में इस प्लांट से क्षेत्र में कपड़ा और परिधान निर्माण के इकोसिस्टम को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है. इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी नमो घाट पर भारतीय वायुसेना दिवस के हवाई प्रदर्शन के भी साक्षी बने, जिसकी थीम ‘गंगा के ऊपर उड़ान’ रखी गई है.