नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को केरल की राजधानी में भाजपा की सफलता को राज्य में बड़े राजनीतिक बदलाव की शुरुआत बताते हुए कहा कि तिरुवनंतपुरम निगम में पार्टी की हालिया जीत विधानसभा चुनावों से पहले जनता के बढ़ते भरोसे को दर्शाती है. पुथरिकांडम मैदान में भाजपा की बड़ी रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि केरल में पार्टी का उदय गुजरात में उसके शुरुआती विकास की तरह होगा, जहां लगभग चार दशक पहले एक शहर पर कब्जा करके इसकी शुरुआत हुई थी. उन्होंने याद दिलाया कि 1987 से पहले गुजरात में भाजपा हाशिए पर थी और उसे ज्यादा ध्यान नहीं मिलता था.
पीएम मोदी ने कहा कि 1987 में पहली बार भाजपा ने अहमदाबाद म्यूनिसिपल कॉर्पोरेशन पर कब्जा किया, ठीक वैसे ही जैसे हाल में तिरुवनंतपुरम में पार्टी की जीत हुई है. उसके बाद गुजरात की जनता ने हमें सेवा का मौका दिया और हम दशकों से यह काम करते आ रहे हैं. उन्होंने आगे कहा कि हमारी यात्रा गुजरात में एक शहर से शुरू हुई थी, और इसी तरह केरल में भी हमारी शुरुआत एक शहर से हुई है. मुझे विश्वास है कि यह दर्शाता है कि केरल की जनता अब भाजपा पर भरोसा करने लगी है, ठीक वैसे ही जैसे गुजरात ने कभी किया था.
एलडीएफ-यूडीएफ के 'कुप्रशासन' पर हमला
नागरिक चुनाव के नतीजे को बदलाव का जनादेश बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह जीत जनता के उस संकल्प को दिखाती है कि राज्य को एलडीएफ और यूडीएफ के वर्षों के कुप्रशासन से मुक्त किया जाए. उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों मोर्चों ने दशकों से तिरुवनंतपुरम को नजरअंदाज किया, जिससे राजधानी में बुनियादी सुविधाओं और इंफ्रास्ट्रक्चर की कमी बनी रही.
पीएम मोदी ने कहा कि वामपंथी और कांग्रेस ने लगातार हमारी जनता की जरूरतों को पूरा करने में नाकाम रहे हैं. लेकिन हमारी भाजपा टीम ने पहले से ही विकसित तिरुवनंतपुरम की दिशा में काम शुरू कर दिया है. शहरवासियों से मैं कहता हूं - भरोसा रखें, जो बदलाव बहुत पहले से बाकी था, वह आखिरकार आ रहा है. तिरुवनंतपुरम पूरे देश के लिए मॉडल शहर बनेगा. मैं इसे भारत के सर्वश्रेष्ठ शहरों में से एक बनाने के लिए पूरा समर्थन देता हूं.
पीएम मोदी केरल में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करने और नई ट्रेन सेवाओं को हरी झंडी दिखाने आए हैं, क्योंकि राज्य में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं. प्रधानमंत्री ने जोर दिया कि तिरुवनंतपुरम अब देश के बाकी हिस्सों के लिए मॉडल शहर बनेगा. उन्होंने कहा कि इस शहर के लोगों से मैं कहता हूं, भरोसा रखें. तिरुवनंतपुरम पूरे देश के लिए मॉडल शहर बनेगा. मैं इसे भारत के सर्वश्रेष्ठ शहरों में से एक बनाने के लिए पूरा समर्थन देता हूं.
प्रधानमंत्री ने आगामी चुनावों से पहले केरल के व्यापक राजनीतिक परिदृश्य पर भी चर्चा की. उन्होंने कहा कि केरल के भविष्य को देखें तो राजनीतिक मैदान में सिर्फ दो प्रमुख पक्ष हैं एलडीएफ और यूडीएफ. वर्षों से दोनों ने बारी-बारी से राज्य पर शासन किया है, जिससे केरल की मौजूदा चुनौतियां पैदा हुई हैं. लेकिन एक तीसरा विकल्प है - जो विकास और सुशासन को प्राथमिकता देता है और वह भाजपा और एनडीए द्वारा प्रतिनिधित्व किया जाता है.
सबरीमला सोने की चोरी पर बोले पीएम मोदी
सबरीमला सोने की चोरी के मामले का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा सरकार बनने पर दोषियों को जेल भेजा जाएगा, इसे उन्होंने मोदी की गारंटी बताया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अगर केरल में भाजपा सरकार बनी, तो सबरीमला सोने की हानि की जांच होगी, दोषियों को जेल भेजा जाएगा; यह मोदी की गारंटी है.
इससे पहले, पीएम ने राज्य में विभिन्न विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया और नई ट्रेन सेवाओं को हरी झंडी दिखाई. उन्होंने कहा कि लोगों में केंद्र सरकार द्वारा तटीय राज्य के विकास के प्रयासों को लेकर नई जागरूकता आई है. परियोजनाओं के उद्घाटन और ट्रेनों को रवाना करने के बाद बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि यह दिन केंद्र सरकार के प्रयासों से केरल के विकास में नई गति का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि रेल कनेक्टिविटी और मजबूत हुई है और शुरू की गई परियोजनाएं तिरुवनंतपुरम को देश के प्रमुख हब में बदलने में मदद करेंगी.
प्रधानमंत्री ने तीन अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों और एक त्रिशूर-गुरुवायूर पैसेंजर ट्रेन को हरी झंडी दिखाई, जो केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के बीच क्षेत्रीय रेल कनेक्टिविटी बढ़ाएंगी. इसके अलावा, उन्होंने यहां सीएसआईआर-एनआईआईएसटी इनोवेशन, टेक्नोलॉजी एंड एंटरप्रेन्योरशिप हब की आधारशिला रखी और पीएम स्वनिधि क्रेडिट कार्ड लॉन्च किया - जो यूपीआई से जुड़ी, ब्याज-मुक्त रिवॉल्विंग क्रेडिट सुविधा है.
पीएम मोदी ने पीएम स्वनिधि योजना के तहत कई लाभार्थियों को ऋण राशि और क्रेडिट कार्ड भी वितरित किए. उन्होंने कहा कि यह योजना केरल और पूरे देश में गरीबों के कल्याण के लिए है. इसके अलावा, उन्होंने शहर में श्री चित्रा तिरुनल इंस्टीट्यूट फॉर मेडिकल साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी में स्टेट-ऑफ-द-आर्ट रेडियोसर्जरी सेंटर की आधारशिला रखी और नए पूजप्पुरा हेड पोस्ट ऑफिस का उद्घाटन किया.