सहारनपुर : उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की करेंसी चेस्ट में बड़ी गड़बड़ी सामने आई है. बैंक की करेंसी चेस्ट में करीब 7.40 करोड़ रुपये के जाली नोट मिलने से हड़कंप मच गया. इसके अलावा करेंसी चेस्ट से बैंक मुख्यालय भेजी गई रकम में भी 4.36 लाख रुपये की कमी पाई गई है. दोनों मामलों को लेकर बैंक की ओर से कार्रवाई की गई है और सीनियर मैनेजर समेत चार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई है.
मामला सदर बाजार थाना क्षेत्र के सोफिया मार्केट स्थित PNB करेंसी चेस्ट का बताया जा रहा है. करेंसी चेस्ट में बड़ी मात्रा में नकदी जमा और सुरक्षित रखी जाती है, जिसे बाद में बैंक की जरूरत और प्रक्रिया के अनुसार दूसरी जगह भेजा जाता है. इसी प्रक्रिया के दौरान करोड़ों रुपये के नोटों के जाली होने का मामला सामने आया.
बैंक अधिकारियों के मुताबिक, मुख्यालय को भेजी गई करेंसी की जांच के दौरान 4.36 लाख रुपये कम पाए गए. वहीं, करेंसी चेस्ट में मौजूद नोटों की जांच में करीब 7.40 करोड़ रुपये की करेंसी संदिग्ध/जाली मिली. इतनी बड़ी मात्रा में नकली नोट मिलने के बाद बैंक के अंदर की व्यवस्था और नकदी के स्रोत को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं.
अब पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. सबसे बड़ा सवाल यह है कि इतनी बड़ी मात्रा में नकली नोट करेंसी चेस्ट तक पहुंचे कैसे. पुलिस और बैंक अधिकारी CCTV फुटेज खंगाल रहे हैं. फुटेज के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि करेंसी चेस्ट में नकली नोट जमा करने वाला व्यक्ति कौन था और नकदी किस माध्यम से यहां पहुंची.
FIR में नामजद लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि जाली नोटों की सप्लाई कहां से हुई और बैंक की करेंसी चेस्ट तक पहुंचने के बाद उनकी पहचान पहले क्यों नहीं हो सकी. मामले की जांच आगे बढ़ने पर नकली नोटों के नेटवर्क और बैंक की आंतरिक प्रक्रिया से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आने की उम्मीद है.