खान सर कोचिंग विवाद में पुलिस का सख्त एक्शन, ज्ञान बिंदु के तीन डायरेक्टर गिरफ्तार

Amanat Ansari 03 Jun 2026 03:00: PM 1 Mins
खान सर कोचिंग विवाद में पुलिस का सख्त एक्शन, ज्ञान बिंदु के तीन डायरेक्टर गिरफ्तार

पटना: बिहार में कोचिंग जगत का तनाव अब पुलिस कार्रवाई में बदल गया है. मंगलवार रात खान सर के कोचिंग सेंटर पर हुए हमले और पथराव के मामले में पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान के तीन प्रमुख डायरेक्टर्स को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार किए गए डायरेक्टर्स में रौशनी आनंद, अभिषेक और गौरव शामिल हैं.

यह पूरा विवाद हाल ही में जारी बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा के नतीजों से जुड़ा है. खान सर ने दावा किया था कि उनके संस्थान से 12,000 से ज्यादा छात्र चयनित हुए हैं. वहीं ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर्स ने भी 10,000 से अधिक सफल उम्मीदवारों का दावा किया था. दोनों के बीच पहले से ही प्रतिस्पर्धा थी, जो हाल के दिनों में और बढ़ गई.

खान सर के सम्मान समारोह का पोस्टर ज्ञान बिंदु के बोर्ड पर लगाए जाने के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया. खान सर का आरोप है कि उन्हें उनकी कोचिंग बंद कराने की धमकियां भी मिली थीं.

मंगलवार रात को खान सर के संस्थान के बाहर पथराव और हंगामा हुआ. खान सर ने फायरिंग की भी बात कही, हालांकि पुलिस ने अब तक फायरिंग की पुष्टि नहीं की है. घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम (FSL) पहुंचकर साक्ष्य जुटाने का काम शुरू कर चुकी है.

सरकार का बड़ा फैसला

इस घटना ने पूरे बिहार में कोचिंग संस्थानों की अनियमितता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. शिक्षा विभाग ने अब सख्त रुख अपनाते हुए ऐलान किया है कि अगले तीन महीनों के अंदर पूरे राज्य के लिए एक नई कोचिंग नीति लाई जाएगी. इस नीति के तहत सभी कोचिंग संस्थानों को ‘मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट’ का पालन अनिवार्य होगा.

Khan Sir Controversy Patna Khan Sir Patna Gyan Bindu Coaching

Recent News