Prateek Yadav post mortem report: समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के बेटे और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव के आकस्मिक निधन के बाद जारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने नए सवाल खड़े कर दिए हैं. लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) की रिपोर्ट में मौत से पहले लगी चोटों का खुलासा हुआ है.
रिपोर्ट के मुताबिक, प्रतीक यादव के शरीर पर कुल 6 एंटीमॉर्टम (मौत से पहले की) चोटें पाई गईं. इनमें से कुछ चोटें छाती के दाहिने हिस्से (निप्पल के नीचे), दाहिने हाथ की बगल और कलाई के आसपास थीं, जिनके निशान गहरे नीले-बैंगनी रंग के थे.
मौत का कारण क्या था?
डॉक्टरों ने मुख्य वजह कार्डियोरेस्पिरेटरी कोलैप्स बताया है. इसके पीछे फेफड़ों की नसों में बड़ा खून का थक्का (Massive Pulmonary Thromboembolism) बनना था, जिससे सांस और रक्त संचार अचानक रुक गया. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रतीक यादव का पूरा दिल और फेफड़ों के थक्के वाले सैंपल को फॉर्मलिन में सुरक्षित रख लिया गया है.
विसरा (अंगों के नमूने) को भी केमिकल जांच के लिए पुलिस को सौंप दिया गया है. फाइनल लैब रिपोर्ट आने के बाद ही कई बातें साफ हो पाएंगी. प्रतीक यादव राजनीति से दूर रहकर बिजनेस संभाल रहे थे. उनकी अचानक मौत और शरीर पर मिले इन चोट के निशानों ने अब इस पूरे घटनाक्रम को संदेह के घेरे में डाल दिया है. क्या ये चोटें किसी दुर्घटना का नतीजा थीं या कुछ और? जवाब अब आगे की रिपोर्ट पर निर्भर करेगा.