Delhi Election Voting LIVE: दिल्ली चुनाव में शाम 5 बजे तक 57.78 फीसदी मतदान

Global Bharat 05 Feb 2025 11:00: AM 5 Mins
Delhi Election Voting LIVE: दिल्ली चुनाव में शाम 5 बजे तक 57.78 फीसदी मतदान

नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025: दोपहर 1 बजे तक 33.33 प्रतिशत वोटिंग, मुस्तफाबाद में सबसे अधिक मतदान नई दिल्ली, 5 फरवरी (आईएएनएस). दिल्ली चुनाव के लिए मतदान जारी है. चुनाव आयोग के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक दिल्ली में दोपहर एक बजे तक 33.31 प्रतिशत वोटिंग हुई है. सबसे अधिक वोटिंग मुस्तफाबाद विधानसभा क्षेत्र में 43 प्रतिशत जबकि सबसे कम करोल बाग में 25.01 प्रतिशत वोटिंग हुई. दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों के लिए मतदान जारी है. दोपहर एक बजे तक सबसे अधिक वोटिंग उत्तर-पूर्वी दिल्ली में दर्ज की गई.

यहां पर 39.51 प्रतिशत वोटिंग हुई. वहीं, सबसे कम मतदान नई दिल्ली जिले में 29.89 प्रतिशत हुआ है. इसके अलावा पूर्वी दिल्ली में 33.66 प्रतिशत, उत्तरी दिल्ली में 32.44 प्रतिशत, उत्तर-पश्चिम दिल्ली में 33.17 प्रतिशत, शाहदरा में 35.81 प्रतिशत, दक्षिणी दिल्ली में 32.67 प्रतिशत, दक्षिण-पूर्वी में 32.27 प्रतिशत, दक्षिण-पश्चिम में 35.44 प्रतिशत और पश्चिमी दिल्ली में 30.87 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. वहीं, मुस्तफाबाद विधानसभा क्षेत्र में दोपहर एक बजे तक सबसे ज्यादा 43 प्रतिशत वोट पड़े हैं. वहीं, करोल बाग विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम 25.01 प्रतिशत वोट पड़े हैं.

दिल्ली में सुबह 11 बजे तक 19.95 प्रतिशत तो वहीं, सुबह नौ बजे तक 8.03 प्रतिशत वोट दर्ज किया गया था. सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने लोगों से दिल्ली चुनाव में अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की थी. पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट में लिखा, "दिल्ली विधानसभा चुनाव में आज सभी सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे. यहां के मतदाताओं से मेरा आग्रह है कि वे लोकतंत्र के इस उत्सव में पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लें और अपना कीमती वोट जरूर डालें. इस अवसर पर पहली बार वोट देने जा रहे सभी युवा साथियों को मेरी विशेष शुभकामनाएं. याद रखना है- पहले मतदान, फिर जलपान." बता दें कि दिल्ली चुनाव के नतीजे आठ फरवरी को सामने आएंगे.

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अपने बुजुर्ग माता-पिता, पत्नी और बेटे के साथ मतदान किया. उन्होंने दिल्ली की जनता से अपील की है कि ज्यादा से ज्यादा संख्या में बाहर आएं और अपना वोट जरूर दें.

केजरीवाल ने जनता से अपील करते हुए कहा कि अगर वे अच्छा सुशासन, मोहल्ला क्लीनिक, अच्छे सरकारी स्कूल और सभी सुविधाएं चाहते हैं तो अपना वोट जरूर करें. अरविंद केजरीवाल अपने घर के पास बने मतदान केंद्र पर अपने परिवार के साथ पैदल ही पहुंचे थे. वे अपने बुजुर्ग माता-पिता को व्हीलचेयर पर बैठाकर उन्हें मतदान केंद्र तक ले गए थे.

इस दौरान उनके पिता की व्हीलचेयर को उनके बेटे ने संभाल रखा था और अपनी माता की व्हीलचेयर को खुद अरविंद केजरीवाल पकड़े हुए चल रहे थे. मतदान केंद्र पर पहुंचकर अरविंद केजरीवाल ने पूरे परिवार के साथ अपना मतदान किया और बाहर आकर उन्होंने मीडिया से बात करते हुए बताया कि मतदान को लेकर उनके परिवार के सभी लोग काफी उत्साहित थे.

उन्होंने बताया कि उनके बुजुर्ग माता-पिता पूरे प्रयास लगाकर मतदान केंद्र पहुंचे हैं. उन्होंने पूरी दिल्ली की जनता से अपील की कि अपने मतदान का जरूर इस्तेमाल करें ताकि अच्छे मोहल्ला क्लीनिक, अच्छे स्कूल और अच्छे अस्पताल बनाए जा सकें. उन्होंने लोगों से विनती की है कि दिल्ली के विकास के लिए अपना वोट जरूर डालें.

इस मौके पर सुनीता केजरीवाल ने भी मीडिया से बातचीत की और कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि दिल्ली की जनता बहुत समझदार है और गुंडागर्दी को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं करेगी. इसलिए सभी से अपील है कि वे अपना वोट जरूर डालें.

दिल्ली विधानसभा चुनाव (Delhi Assembly Election) के लिए वोटिंग जारी है. इस बीच, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज, अरविंदर सिंह लवली और आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया ने मतदान किया. राष्ट्रपति कार्यालय ने बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में मतदान किया.

राष्ट्रपति ने राष्ट्रपति भवन परिसर के अंदर डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय विद्यालय में बने मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला. साथ ही भारत के मुख्य न्यायाधीश संजीव खन्ना ने भी दिल्ली विधानसभा चुनाव में वोट डाला. इसके अलावा चुनाव आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू ने अपने परिवार संग मतदान किया और लोकतंत्र के इस पर्व में भागीदारी सुनिश्चित की. साथ ही चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार सपरिवार दिल्ली विधानसभा चुनाव में मतदान किया.
दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने दिल्ली की जनता से मतदान की अपील की. उन्होंने कहा, "ये जो दिल्ली का चुनाव है, ये केवल चुनाव नहीं है बल्कि धर्मयुद्ध है. ये अच्छाई और बुराई की लड़ाई है. एक तरफ पढ़े-लिखे, ईमानदार और काम करने वाले लोग हैं और दूसरी तरफ गाली-गलौज, गुंडागर्दी करने वाले लोग हैं. मुझे पूरा भरोसा है कि दिल्ली के लोग अच्छाई, सच्चाई और काम पर वोट देंगे. उन्होंने आगे कहा कि दिल्ली पुलिस कुछ भी कर सकती है.
दिल्ली पुलिस खुलेआम भाजपा के लिए काम करती है. भाजपा के कार्यकर्ता गुंडागर्दी कर रहे हैं, वोटर्स को डरा रहे हैं, उनके ठिकानों पर पैसा मिल रहा है. भाजपा के ठिकानों पर दिल्ली पुलिस नहीं आती है. पैसे की ताकत, बाहुबल की ताकत, गुंडागर्दी की ताकत का (भाजपा) जितना भी इस्तेमाल कर लें, लेकिन लोकतंत्र में आखिरकार जनता की ताकत चलती है. दिल्ली के मतदाताओं से मेरी अपील है कि काम के लिए वोट दें.
दिल्ली की जंगपुरा से ‘आप’ के प्रत्याशी और दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने मतदान किया. उन्होंने कहा कि मैंने आज बेहतर दिल्ली के लिए अपने परिवार के साथ मतदान किया है. मैं दिल्ली के लोगों से अपील करूंगा कि वे अच्छी शिक्षा, स्वास्थ्य और बिजली-पानी के लिए वोट डालें. मुझे उम्मीद है कि दिल्ली में इस बार शिक्षा की गारंटी की जीत होगी. विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने मतदान के बाद मीडिया से बातचीत की.
उन्होंने कहा कि मैं दिल्ली का मतदाता हूं. मुझे लगता है कि इस बार जनता बदलाव के मूड में है. भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि मैं दिल्ली की जनता से अपील करती हूं कि वे भारी तादाद में मतदान करें, ताकि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली को विकसित राजधानी बनाया जा सके. आगामी 8 फरवरी को दिल्ली में कमल खिलेगा, क्योंकि पिछले 10 वर्षों में दिल्ली में व्यवस्थाएं चरमरा गई हैं.
भाजपा नेता अरविंदर सिंह लवली ने मतदान के बाद कहा, "दिल्ली की जनता बदलाव के लिए वोट कर रही है. यहां की जनता त्रस्त हो गई है और मुझे लगता है कि पीएम मोदी के नेतृत्व में इस बार दिल्ली में कमल खिलेगा. आम आदमी पार्टी सिर्फ इल्जामों की पार्टी है, इसलिए वह अपनी हार मानकर आरोप लगा रही है. विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने परिवार संग वोट डाला.
उन्होंने मतदान के बाद कहा, "पहले मतदान- फिर समिधा दान. आज दिल्ली विधानसभा चुनाव हैं. राष्ट्र प्रथम मानते हुए आज हमने हवन से पूर्व मतदान किया. आइए, मतदान करिए और कराइए. राजधानी को सुरक्षित बनाइए. दिल्ली के बाबरपुर विधानसभा सीट से ‘आप’ उम्मीदवार गोपाल राय ने कहा, "परिणाम सकारात्मक होंगे, क्योंकि जनता काम करने वाली सरकार बनाने वाली है.
delhi election 2025 delhi election voting delhi assembly election 2025 delhi election

Description of the author

Recent News