नई दिल्ली: गाजियाबाद के टीलामोड़ क्षेत्र में एक कॉलेज प्रोफेसर की गला घोंटकर हत्या कर दी गई. मृतक ने करीब एक साल पहले मुस्लिम परिवार की लड़की से प्यार करके शादी की थी. इस रिश्ते से लड़की के परिवार वाले नाराज थे. पुलिस के अनुसार, रविवार को घर में छोटी-मोटी बहस के बाद पत्नी अपने मायके चली गई. इसके बाद ससुराल पक्ष ने प्रोफेसर को समझौता करने के लिए बंथला फाटक पर बुलाया.
प्रोफेसर अपने छोटे भाई और ताई के साथ वहां पहुंचे. आरोपियों ने उन्हें कार में बिठाकर सुनसान जगह पर ले गए. वहां पर प्रोफेसर की गला दबाकर हत्या कर दी गई. उनके भाई ने किसी तरह जान बचाकर खेतों में छिपकर खुद को बचाया. मृतक प्रोफेसर नितिन कुमार लोनी के गीतांजलि विहार में रहते थे और रिस्तल स्थित एक कॉलेज में पढ़ाते थे. उनकी पत्नी मुस्कान बागपत की रहने वाली थी, जो उसी कॉलेज में पढ़ती थी.
दोनों की दोस्ती कॉलेज में हुई और मई 2025 में उन्होंने शादी कर ली थी. लड़की के पिता मेहरुद्दीन और चाचा आसिफ अली को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. मामले में एक अन्य व्यक्ति की भी तलाश की जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया और न्याय की मांग की. पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और शेष आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का दावा कर रही है.