महाराष्ट्र : पुणे जिले से एक दर्दनाक और गंभीर घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. यहां जहरीली शराब पीने से अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है. मृतकों में पांच लोग पिंपरी-चिंचवाड़ के फुगेवाड़ी इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जबकि तीन लोगों की मौत पुणे शहर के हडपसर इलाके में हुई है.
घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सक्रिय हो गए हैं. दोनों जगहों पर पुलिस ने अलग-अलग टीमों का गठन कर जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि यह जहरीली शराब अवैध रूप से सप्लाई की गई थी, जिसकी वजह से लोगों की जान गई.
पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस ने इस मामले में एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए योगेश वानखेड़े नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. बताया जा रहा है कि इस व्यक्ति को पहले राज्य आबकारी विभाग ने हिरासत में लिया था, लेकिन अब पुलिस ने इसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है. आरोप है कि योगेश वानखेड़े ने ही दोनों प्रभावित इलाकों फुगेवाड़ी और हडपसर में यह संदिग्ध शराब सप्लाई की थी. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह शराब कहां से तैयार की गई थी और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे.
फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस सप्लाई नेटवर्क, स्रोत और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की संदिग्ध या अवैध शराब का सेवन न करें, क्योंकि यह जानलेवा साबित हो सकती है.